ट्रंप ने ईरान के साथ शांति वार्ता विफल होने का दावा नकारा, कहा- झूठ और गलत
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता के विफल होने और बातचीत बंद होने की खबरों को नकार दिया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि इस तरह की खबरें पूरी तरह झूठ और गलत हैं, उनकी ईरान के साथ समझौते पर बातचीत अभी चल रही है। ट्रंप ने ट्रुथ पर बताया कि इस बातचीत का क्या नतीजा निकलेगा कोई नहीं जानता, लेकिन उन्होंने ईरान से एक समझौता करने को कहा है।
बयान
अब ज्यादा समय तक ऐसा नहीं चलेगा- ट्रंप
ट्रंप ने लिखा, 'ये फर्जी खबरें हैं कि ईरान-अमेरिका ने कुछ दिन पहले बातचीत बंद कर दी। यह झूठी-गलत खबर है। हमारे बीच बातचीत जारी है, जिसमें आज की बातचीत भी शामिल है। इसका नतीजा क्या निकलेगा, कोई नहीं जानता।' ट्रंप ने लिखा कि उन्होंने ईरान से कहा है कि अब समय आ गया है कि वह किसी भी तरह समझौता करे। उन्होंने ईरान की आलोचना की कि पिछले 47 साल से मुद्दे अनसुलझे हैं, जिसे ज्यादा नहीं खींच सकते।
विवाद
इजरायल के लेबनान पर हमला करने से अटकी थी वार्ता
पहले खबरें आई थी कि इजरायल ने लेबनान पर हमला शुरू कर दिया है, जिसके बाद तेहरान ने वाशिंगटन के साथ बातचीत निलंबित कर दी थी। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया और खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि इजरायल और हिज्बुल्लाह गोलीबारी बंद करने पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने नेतन्याहू से बेरूत पर हमला न करने और अपने सैनिकों को वापस बुलाने को कहा था, जिसे मान लिया गया।