LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती पर कहा- वे वहीं हैं, जहां उन्हें होना चाहिए
डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती को लेकर पुष्टि की (फाइल तस्वीर)

डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती पर कहा- वे वहीं हैं, जहां उन्हें होना चाहिए

लेखन गजेंद्र
Aug 04, 2025
09:17 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के नजदीकी क्षेत्र में 2 परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती को लेकर अपने आदेश की पुष्टि की है। उन्होंने यह जानकारी एक पत्रकार के सवाल पर दी है। पत्रकार ने उनसे पूछा था कि क्या परमाणु पनडुब्बियों को रूस का सामना करने के लिए तैनात किया गया है? इस पर ट्रंप ने कहा कि वे उसी क्षेत्र में हैं, जहां उन्हें होना चाहिए।

आदेश

ट्रंप ने क्या दिया था आदेश?

ट्रंप ने पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव की भड़काऊ टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर लिखा था, 'रूस के पूर्व राष्ट्रपति मेदवेदेव, जो अब रूसी संघ की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष हैं, के बेहद भड़काऊ बयानों के आधार पर, मैंने 2 परमाणु पनडुब्बियों को उपयुक्त क्षेत्रों में तैनात करने का आदेश दिया है, ताकि मूर्खतापूर्ण और भड़काऊ बयान ज्यादा न हों। शब्द बहुत महत्वपूर्ण होते हैं और अक्सर अनपेक्षित परिणाम दे सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा।'

टिप्पणी

मेदवेदव ने ऐसा क्या कहा था, जिससे भड़के थे ट्रंप?

मेदवेदेव ने कहा था, "हम इजरायल या ईरान नहीं। ट्रंप की ओर से दिया गया हर नया अल्टीमेटम युद्ध की धमकी माना जाएगा। रूस के पास सोवियत संघ के समय से परमाणु हमले 'डेड हैंड' की क्षमता है।" बता दें, रूस के पास सोवियत संघ के समय बनी परमाणु प्रणाली है, जो रूस के पूरे नेताओं के मारे जाने पर भी खुद से परमाणु हथियार दाग सकती है। हालांकि, दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने सैन्य टकराव को नकारा है।