
यूक्रेन युद्ध विराम समझौते को तैयार, पुतिन भी सहमत होंगे; डोनाल्ड ट्रंप ने दी जानकारी
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को जानकारी दी कि यूक्रेन युद्ध विराम समझौते के लिए तैयार हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रूस भी इस पर सहमत होगा।
ट्रंप का बयान तब आया जब कीव ने जानकारी दी कि सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद मास्को के साथ 30 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गया है।
ट्रंप ने कहा कि इस युद्ध को रोकना बहुत जरूरी है।
युद्धविराम
ट्रंप ने युद्ध विराम को लेकर क्या कहा?
ट्रंप ने मीडिया से कहा, "यूक्रेन ने कुछ समय पहले ही युद्ध विराम पर सहमति जताई है। अब हमें रूस जाना है और उम्मीद है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस पर सहमत होंगे। शहरों में विस्फोट के कारण लोग मारे जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो जाए।"
उन्होंने कहा, "यह पूर्ण युद्ध विराम है। अगर रूस राजी हुआ तो बहुत अच्छा, नहीं तो हम बस चलते रहेंगे और लोग मारे जाएंगे।"
समझौता
अमेरिकी विदेश मंत्री ने समझौते को लेकर क्या कहा?
जेद्दा में 9 घण्टे चली बैठक के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा, " हमने जो प्रस्ताव रखा है उसे यूक्रेनियों ने स्वीकार कर लिया है, जो कि युद्ध विराम और तत्काल वार्ता है।"
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आज शांति के लिए अच्छा दिन था। हम यूक्रेन में स्थायी शांति बहाल करने के एक कदम और करीब पहुंच गए हैं। गेंद अब रूस के पाले में है।'
दावा
यूक्रेन को सुरक्षा सहायता दोबारा दी जाएगी
रुबियो ने कहा कि यूक्रेन से युद्ध विराम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद अमेरिका ने उनके साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक हटाने और सुरक्षा सहायता दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया।
उन्होंने ट्रंप का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रपति कल ही युद्ध समाप्त करना चाहते हैं, इसलिए आशा है कि रूस भी इसे खत्म करेगा ताकि बातचीत दूसरे चरण में पहुंचे, अगर रूस पीछे हटेगा तो पता चलेगा कि शांति के लिए क्या बाधा है।
युद्ध
फरवरी 2022 में शुरू हुआ था रूस-यूक्रेन युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की शुरुआत 24 फरवरी, 2022 को हुई थी। तब रूस ने अपने छोटे पड़ोसी देश यूक्रेन पर बड़ा हमला किया था।
पश्चिमी देशों के मुताबिक, युद्ध में रूस के 3.20 लाख और यूक्रेन के 2 लाख सैनिक या तो मारे गए हैं या घायल हुए हैं।
यूक्रेन के करीब 80 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक, दोनों देशों के 12,300 आम नागरिक भी मारे गए हैं।