अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फिलीपींस के मनीला पहुंचने से पहले वहां उनके खिलाफ बड़ा विरोध-प्रदर्शन हुआ।
इस दौरान करीब 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रंप मंगलवार को आसियान शिखर सम्मेलन के लिए शहर पहुंचने वाले हैं।
आयोजकों को 10,000 तक प्रदर्शनकारियों के आने की उम्मीद थी, जिसकी वजह से पूरे शहर में अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए।
ये प्रदर्शन मुख्य रूप से ट्रंप की नीतियों और उनके रोजमर्रा के जीवन पर पड़ने वाले असर को लेकर लोगों की नाराजगी के कारण हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने ईरान युद्ध और पैक्स सिलिका पर उठाया सवाल
प्रदर्शनकारी ईरान युद्ध के कारण बढ़ती महंगाई से नाराज हैं। इसके अलावा, अमेरिका के नेतृत्व वाली 'पैक्स सिलिका' पहल को लेकर भी गुस्सा है। यह मनीला से करीब 120 किलोमीटर दूर तारलाक के न्यू क्लार्क सिटी में बनाया जाने वाला एक टेक्नोलॉजी हब है।
आलोचकों का मानना है कि यह स्थानीय समुदायों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है। विरोध प्रदर्शनों के नेता रेनाटो रेयेस ने राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर की प्रदर्शनकारियों पर की गई कार्रवाई की आलोचना की है।
वहीं, एमनेस्टी फिलीपींस ने गिरफ्तारियों की समीक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि इस समय शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार बेहद जरूरी है।