ऑस्ट्रेलिया में अब पढ़ाई मुश्किल, अक्टूबर से लागू हो गए ये कड़े वीजा नियम
अगर आप ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने या अपनी पढ़ाई की अवधि बढ़ाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है।
ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर 2026 से अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए कुछ कड़े नियम लागू हो गए हैं, जिसका असर भारतीय छात्रों के साथ-साथ सभी विदेशी विद्यार्थियों पर भी दिखेगा।
अब सिर्फ वही छात्र अपने परिवार को ऑस्ट्रेलिया ला पाएंगे, जिनके पास ऑस्ट्रेलियाई या किसी विदेशी सरकार से स्कॉलरशिप है, या जो PhD छात्र हैं, या आसियान और प्रशांत द्वीप देशों से आते हैं।
इतना ही नहीं, अगर आप पहले से ही ऑस्ट्रेलिया में किसी अस्थायी वीजा पर हैं, जैसे कि वर्किंग हॉलिडे, ट्रेनिंग या टेंपरेरी एम्प्लॉयर वीजा, तो आप ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।
गैर-स्कूली छात्रों को कम से कम 12 महीने तक एक ही संस्थान में रहना होगा
अगर आप विश्वविद्यालय बदलने की सोच रहे हैं, तो यह जान लीजिए कि गैर-स्कूली छात्रों को 30 जून, 2027 तक अपने मौजूदा संस्थान में कम से कम 12 महीने तक पढ़ाई करनी होगी।
इसके बाद, अगर आप संस्थान बदलते हैं तो आपको नए वीजा के लिए आवेदन करना होगा। इसमें आप सिर्फ उन्हीं कोर्स में बदल पाएंगे जो आपके मौजूदा कोर्स से उच्च या समान स्तर के होंगे।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों से स्टूडेंट वीजा सिस्टम की विश्वसनीयता मजबूत होगी, और साथ ही असली अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को देश में पढ़ाई जारी रखने की छूट भी मिलती रहेगी।