जर्मनी के चिड़ियाघर में बाड़े के अंदर खूंखार भेड़िए ने हमला किया, 8 साल की बच्ची गंभीर
जर्मनी के ब्रांडेनबर्ग में स्थित जोहानिसमुएले वन्यजीव पार्क में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पार्क के एक बाड़े के अंदर हुए भेड़िए के हमले में एक 8 साल की बच्ची बुरी तरह घायल हो गई।
जिस वक्त यह हादसा हुआ, बच्ची पार्क के एक कर्मचारी और 2 अन्य बच्चों के साथ थी। बच्ची को तुरंत हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
राहत की बात यह है कि इस घटना में और किसी को चोट नहीं आई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि यह हमला कैसे हुआ।
जोहानिसमुएले पार्क 2 नवंबर तक बंद
यह हमला पार्क के आम खुलने के समय से पहले हुआ। माना जा रहा है कि यह किसी विशेष दौरे के दौरान हुआ होगा। इस घटना के बाद जोहानिसमुएले पार्क को अब 2 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है।
जोहानिसमुएले पार्क अपनी खासियत के लिए जाना जाता है, जहां पर्यटक भेड़िए, भालू और लिंक्स जैसे जंगली जानवरों को काफी करीब से देख पाते हैं।
यूरोप में जानवरों के हमलों की हालिया घटनाओं के बाद यह एक और मामला सामने आया है। इसी महीने नीदरलैंड्स में एक तेंदुए और यूके में एक बाघ के हमलों में लोगों की जान चली गई थी।