अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। यहां 35 से ज्यादा अमेरिकी शिक्षा समूह मिलकर सरकार के एक नए प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं।
इन शिक्षा समूह में 'अमेरिकन काउंसिल ऑन एजुकेशन' और 36 अन्य उच्च शिक्षा संगठन शामिल हैं।
गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के प्रस्ताव के तहत कॉलेजों को 'ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग' (OPT) वर्क प्रोग्राम के लिए छात्रों की सिफारिश करने पर 70,000 डॉलर (शुरुआती शुल्क) और बाद में 30,000 डॉलर प्रति छात्र चुकाने होंगे।
यानी, हर बार जब कोई विश्वविद्यालय किसी F-1 छात्र की OPT के लिए सिफारिश करेगा, तो उसे यह भारी शुल्क देना पड़ेगा।
विश्वविद्यालयों की चेतावनी- शुल्क से अंतरराष्ट्रीय स्नातकों को होगा नुकसान
विश्वविद्यालयों का कहना है कि इन भारी शुल्कों की वजह से उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्नातकों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में नौकरी दिलाना मुश्किल हो जाएगा।
खासकर छोटे कॉलेजों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है, जिससे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अमेरिका में अवसरों की कमी आ सकती है।
यह स्थिति खासकर उन भारतीय छात्रों के लिए चिंताजनक है जिनके लिए OPT बहुत अहम है। खासकर STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, मैथमेटिक्स) स्नातक जो OPT के जरिए 3 साल तक का वर्क एक्सपीरियंस ले सकते हैं, उन्हें इसका बड़ा नुकसान होगा।
फिलहाल इस प्रस्ताव की समीक्षा चल रही है, इसलिए OPT से जुड़े मौजूदा नियम ही लागू रहेंगे और इनमें कोई बदलाव नहीं होगा।