Page Loader
अमेरिका: फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन करने पर भारतीय छात्रा गिरफ्तार
अमेरिका में फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन करने पर भारतीय मूल की छात्रा गिरफ्तार

अमेरिका: फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन करने पर भारतीय छात्रा गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Apr 26, 2024
02:43 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में प्रिसंटन विश्वविद्यालय की भारतीय मूल की छात्रा को फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा की पहचान अचिंत्य शिवलिंगन के रूप में हुई है। उनको गुरुवार को परिसर में प्रदर्शन करने और तंबू लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उनके साथ एक अन्य छात्र हसन सईद को भी गिरफ्तार किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दोनों को निष्कासित करते हुए प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।

सख्ती

प्रदर्शनकारियों ने अपने तंबू हटाए

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, अनुशासनात्मक प्रक्रिया लंबित रहने तक उनका प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। तमिलनाडु के कोयंबटूर में जन्मी और ओहियो के कोलंबस में पली-बढ़ी शिवलिंगन की गिरफ्तारी के बाद अन्य छात्रों ने अपने तंबू हटा लिए हैं। हालांकि, उनका शांतिपूर्वक प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन में लगभग 110 प्रतिभागी शामिल हुए थे, लेकिन गुरुवार दोपहर तक यह संख्या कम होकर लगभग 300 हो गई।इसका कारण विश्वविद्यालय की सख्ती बताई जा रही है।

विरोध

अमेरिका के कई विश्वविद्यालयों में चल रहा प्रदर्शन

इजरायल द्वारा गाजा पट्टी पर लगातार हो रहे हमलों से नाराज अमेरिका के अलग-अलग विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आंदोलन कोलंबिया विश्वविद्यालय में शुरू हुआ था और अब हार्वर्ड और येल जैसे प्रतिष्ठित कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में फैल गया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से रोका जा रहा है। अभी तक सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया जा चुका है।