Page Loader
अमेरिका ने पहली बार यमन में हूती विद्रोहियों पर बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स से हमला किया
अमेरिका ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स से हमला किया (विकिमीडिया)

अमेरिका ने पहली बार यमन में हूती विद्रोहियों पर बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स से हमला किया

लेखन गजेंद्र
Oct 17, 2024
05:56 pm

क्या है खबर?

अमेरिका ने बुधवार शाम को यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा नियंत्रित प्रमुख भूमिगत हथियार भंडारण को निशाना बनाया और हवाई हमलों की शुरूआत की। इस दौरान बी-2 स्पिरिट स्टील्थ बॉम्बर्स द्वारा हमले किए गए, जो यमन संघर्ष में अमेरिकी भागीदारी की शुरुआत के बाद से हूती लक्ष्यों के खिलाफ उन्नत विमानों का पहला उपयोग था। अमेरिका के रक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह भंडारण को लक्षित करने की क्षमता का अनूठा प्रदर्शन था।

हमला

जमीन के नीचे दबे 5 हथियार भंडारण को बनाया निशाना

अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने बताया कि इस अभियान के तहत जमीन के नीचे दबे 5 हूती हथियार भंडारण स्थलों पर हमला किया गया था। ऑस्टिन ने बताया कि इन भंडारण में हूती द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले उन्नत पारंपरिक हथियार रखे गए थे। इनका उपयोग वे लाल सागर और अदन की खाड़ी में संचालित नागरिक और सैन्य जहाजों को धमकाने के लिए करते थे। यमन में अमेरिकी हमले के बाद संघर्ष बढ़ने की संभावना है।

खासियत

क्या है बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स?

बी-2 स्पिरिट बॉम्बर अपनी स्टेल्थ क्षमताओं और भारी पेलोड के लिए जाना जाता है। यह लड़ाकू विमानों की तुलना में कहीं अधिक मात्रा में बारूद ले जाने में सक्षम है। बी-2 अमेरिकी सेना को उच्च-मूल्य वाले लक्ष्यों पर हमला करने की एक अद्वितीय क्षमता प्रदान करता है, जो या तो गहराई से किलेबंद हैं या अच्छी तरह से छिपे हुए हैं। अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बताया कि यह हमले राष्ट्रपति जो बाइडन के निर्देश पर अधिकृत किए गए थे।