ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी अहमद वाहिदी ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान किसी नए युद्ध में खिंचता है, तो यह लड़ाई पश्चिम एशिया तक ही सीमित नहीं रहेगी।
तेहरान में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपनी मिसाइलों की मारक क्षमता बढ़ाने पर कोई भौगोलिक बंधन नहीं मानता। उन्होंने यह बात ऐसे समय में कही है जब इलाके में तनाव पहले से ही बहुत ज्यादा है।
ईरान ने दिए बड़े सैन्य टकराव के संकेत
वाहिदी के इन बयानों से साफ है कि अगर ईरान को उकसाया गया, तो वह अपनी सैन्य कार्रवाइयों को और आगे बढ़ाने में हिचकिचाएगा नहीं।
ये बयान अमेरिका के ठिकानों को दी गई धमकियों और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हाल ही में हुए टैंकर हमलों जैसी घटनाओं से भी मेल खाते हैं।
ईरान साफ संदेश दे रहा है कि किसी भी तरह के टकराव के अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़े और गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला
ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से पूर्व की ओर जा रहे 3 जहाजों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। घटना सोमवार रात हुई थी।
केंद्र के अनुसार, तीनों जहाजों ने अपनी यात्रा जारी रखी और सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, हमले से हुए नुकसान और पर्यावरण पर इसके संभावित प्रभाव का अभी पता नहीं चला है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।