सिंगापुर में AI मगरमच्छ की तस्वीर से मचा हड़कंप, हो सकती है 10 साल जेल की सजा
सिंगापुर में म्यांमार के रहने वाले 30 वर्षीय ये लिन पर आरोप है कि उन्होंने पांडान जलाशय में AI से बनी एक मगरमच्छ की तस्वीर बनाई, जिससे हड़कंप मच गया।
यह घटना 20 अगस्त की है, जब सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी (PUB) को सूचना मिली कि पांडन जलाशय में एक मगरमच्छ देखा गया है।
अधिकारियों ने जन सुरक्षा को खतरा मानते हुए तुरंत तलाशी अभियान चलाए और 2 दिनों तक जलाशय में पानी से जुड़ी सभी गतिविधियां रोक दीं। इस दौरान इलाके में चेतावनी बोर्ड लगाए गए और जनता को सावधानी बरतने को कहा गया।
बाद में उन्हें पता चला कि यह सिर्फ एक अफवाह थी।
ये लिन को हो सकती है 10 साल तक की जेल
सिंगापुर में आरोपी लिन पर 2 आरोप लगाए गए हैं, जिसमें झूठ फैलाना और न्याय के मार्ग में बाधा बनने का आरोप है।
झूठा संदेश फैलाने के अपराध में अधिकतम 3 साल की कैद, 10,000 सिंगापुर डॉलर तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। न्याय में बाधा डालने के अपराध में अधिकतम 7 साल की कैद, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
वह बिना किसी वकील के अपना अपराध स्वीकार करने की योजना के साथ कोर्ट में पेश हुए हैं। अधिकारी सभी को यह भी याद दिला रहे हैं कि ऐसी फर्जी खबरें या एडिट की गई तस्वीरें शेयर न करें, जिनसे बेवजह घबराहट फैल सकती है।