ब्रिटेन सरकार का बड़ा कदम, अवैध रूप से काम करने वाले 600 विदेशियों को गिरफ्तार किया
क्या है खबर?
ब्रिटेन की लेबर पार्टी सरकार ने देश में अवैध रूप से घुसे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
देश की आव्रजन प्रवर्तन टीमों ने अकेले जनवरी 2025 में अवैध रूप से काम कर रहे 600 से अधिक विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह संख्या जनवरी 2024 की तुलना में 73 प्रतिशत अधिक है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई लेबर सरकार की अवैध आव्रजन और मानव तस्करी गिरोहों से निपटने की योजना के तहत की गई है।
बयान
सरकार की ओर से क्या जारी किया गया है बयान?
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि अवैध रूप से देश में घुसकर काम करने के खिलाफ जनवरी 2024 में की गई 352 गिरफ्तारियों की तुलना में जनवरी 2025 में कुल 609 गिरफ्तारियां की गई है। ये गिरफ्तारियां नेल बार, रेस्तरां, कार धुलाई सेंटर और सुविधा स्टोर सहित 800 से अधिक परिसरों की जांच करने के दौरान की गई हैं।
अब सरकार ने गिरफ्तार किए गए लोगों को वापस उनके देश भेजने पर काम शुरू कर दिया है।
कदम
स्टार्मर सरकार ने उठाया था कदम
पिछले साल देश की सत्ता संभालने के बाद लेबर पार्टी के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने तत्काल कंजर्वेटिव पार्टी के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की योजना को रद्द कर दिया था, जिसके तहत ब्रिटेन में अवैध प्रवास को रोकने के लिए नए आगमन वाले लोगों को रवांडा वापस भेज दिया गया था।
इसके बजाय, उन्होंने अवैध प्रवासियों की संख्या को कम करने के लिए इस काम से जुड़े सभी गिरोहों को खत्म करने का संकल्प लिया था।
बयान
गृह सचिव ने क्या दिया बयान?
गृह सचिव यवेट कूपर ने कहा, "नियोक्ता लंबे समय से अवैध प्रवासियों का शोषण करने में सक्षम रहे हैं और बहुत से लोग अवैध रूप से आकर काम करने में सक्षम रहे हैं, जिनके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सीमा सुरक्षा को कमजोर करने वाले तथा लंबे समय से बच निकलने वाले आपराधिक गिरोहों को कुचलने के लिए कठोर कानून बनाने के साथ-साथ प्रवर्तन को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ा रहे हैं।"
जानकारी
ब्रिटेन में अवैध रूप से कैसे प्रवेश करते हैं लोग?
उत्तरी फ्रांस से दक्षिणी इंग्लैंड तक इंग्लिश चैनल को पार करते हुए लोग खतरनाक रूप से छोटी और असुरक्षित नावों के जरिए ब्रिटेन में अवैध रूप से प्रवेश करते हैं। आम चुनाव में इस मुद्दे को उठाकर ही लेबर पार्टी सत्ता में आई थी।
आंकड़े
ब्रिटेन में कितनी है अवैध प्रवासियों की संख्या?
आंतरिक मंत्रालय के अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, 2024 में इंग्लिश चैनल पार करने वाले लगभग 36,816 लोगों का पता चला, जो 2023 में आए 29,437 लोगों की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है।
इसी तरह देश में नियमित प्रवासन भी ऐतिहासिक रूप से उच्च स्तर पर पहुंच गया है। जून 2024 तक अनुमानित 7.28 लोग ब्रिटेन पहुंचे थे। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने वैध और अवैध दोनों तरह के आव्रजन को कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
कदम
अवैध प्रवेश को रोकने के लिए सरकार ने क्या उठाया कदम?
स्टार्मर सरकार ने देश में अवैध प्रवास को कम करने की अपनी योजना के एक भाग के रूप में एक नई सीमा सुरक्षा कमान की स्थापना की है तथा यूरोपोल सहित यूरोपीय साझेदारों के साथ सहयोग को मजबूत किया है।
ब्रिटेन ने तस्करी गिरोहों से निपटने के उद्देश्य से जर्मनी और इराक के साथ संयुक्त कार्ययोजना पर हस्ताक्षर किए हैं। वे पिछली कंजर्वेटिव सरकार के तहत फ्रांस और अल्बानिया के साथ किए गए समझौतों पर आधारित हैं।
अमेरिका
अमेरिका भी अवैध प्रवास पर कर रहा है कार्रवाई
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी सत्ता में आने के बाद अवैध प्रवास पर सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं।
यही कारण है कि अमेरिका से अब तक 1,000 से अधिक अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजा जा चुका हैं। इनमें 104 भारतीय नागरिक भी शामिल है। इसी तरह अभी 487 अन्य भारतियों को भी जल्द ही वापस भेजा जाएगा।
बता दें कि ट्रंप ने अवैध प्रवास को खत्म करने का वादा किया था।