Page Loader
रूस के कामचटका तट पर एक घंटे में आए 5 शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
रूस में एक घंटे में आए 5 भूकंप

रूस के कामचटका तट पर एक घंटे में आए 5 शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

Jul 20, 2025
02:21 pm

क्या है खबर?

रूस के सुदूर पूर्वी तट कामचटका के पूर्वी तट पर रविवार को एक घंटे के भीतर आए 5 शक्तिशाली भूकंप ने अधिकारियों को चिंतित कर दिया। भूकंप की सबसे अधिक तीव्रता 7.4 मापी गई। इसके बाद अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने रूस और हवाई के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, इससे नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

तीव्रता

क्या रही सभी भूकंप के झटकों की तीव्रता?

अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र कामचटका क्षेत्र की राजधानी पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से लगभग 140 किलोमीटर पूर्व में था। सबसे पहले पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 142 किलोमीटर दूर 7 की तीव्रता का भूकंप आया था। उसके बाद कामचत्स्की से 130 किलोमीटर दूर 6.7, 144 किलोमीटर दूर 7.4 तीव्रता का सबसे तेज भूकंप आया। इसके बाद 2 झटके और आए, जिनमें कामचत्स्की से 151 किलोमीटर दूर 6.7 और 147 किलोमीटर दूर 6.6 तीव्रता का भूकंप शामिल था।

चेतावनी

सुनामी की चेतावनी में क्या कहा गया है?

अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र की ओर से कहा गया है कि 7.4 तीव्रता के भूकंप के कारण प्रशांत महासागर में भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर (186 मील) के दायरे में खतरनाक सुनामी की लहरें आ सकती हैं। इसके बाद प्रभावित इलाकों के तटों पर रहने वाले लोगों को दूर जाने के निर्देश दे दिए गए हैं। कामचटका प्रायद्वीप प्रशांत और उत्तरी अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों का मिलन बिंदु है, जो इसे एक भूकंपीय रूप से सक्रिया बनाता है।