Page Loader
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- भारत-पाकिस्तान संघर्ष में मार गिराए गए थे 5 लड़ाकू विमान
भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर डोनाल्ड ट्रंप का एक और बड़ा दावा

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- भारत-पाकिस्तान संघर्ष में मार गिराए गए थे 5 लड़ाकू विमान

Jul 19, 2025
09:49 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मई में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष को लेकर एक और बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उस संघर्ष में कुल 5 लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वो विमान किसके थे। इसी तरह उन्होंने फिर से दावा किया है कि उन्होंने व्यापार के नाम पर दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच संघर्ष विराम कराने में मध्यस्थता की थी।

बयान

राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या दिया बयान?

राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ रात्रिभोज के दौरान कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में वास्तव में विमानों को हवा से मार गिराया जा रहा था। मुझे लगता है कि वास्तव में 5 लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया था।" बता दें कि 10 मई को एयर मार्शल एके भारती ने भी कई पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा किया था। हालांकि, उन्होंने कोई संख्या नहीं बताई थी।

दावा

पाकिस्तान ने किया था भारत के 6 विमान मारने का दावा

पाकिस्तान ने भारत के दावे को कमतर आंकते हुए कहा कि पाकिस्तानी वायु सेना (PAF) के केवल एक विमान को मामूली क्षति हुई है। उस दौरान पाकिस्तान ने राफेल सहित 6 भारतीय विमानों को मार गिराने का दावा किया था। हालांकि, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान के दावे को खारिज कर दिया था। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि शत्रुता के दौरान अनिर्दिष्ट संख्या में लड़ाकू विमान गिराए गए थे।

पुनरावृत्ति

ट्रंप ने फिर किया संघर्ष विराम में मध्यस्थता करने का दावा

ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि उनके प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़े युद्ध को रोकने में मदद की। उन्होंने व्यापार के माध्यम से दोनों देशों में बढ़ रहे तनाव को कम किया। उनका यह बयान तब आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर राष्ट्रपति ट्रंप से स्पष्ट रूप से कहा था कि युद्ध विराम कराने में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी और संघर्ष के दौरान व्यापार पर कोई चर्चा नहीं हुई थी।