Page Loader
अमेरिका: अश्वेत युवक को पीट-पीट कर मारने पर 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस
अमेरिका में पुलिसकर्मियों ने अश्वेत युवक को पीट-पीट कर मारा

अमेरिका: अश्वेत युवक को पीट-पीट कर मारने पर 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस

Jan 27, 2023
12:28 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक अश्वेत युवक को पीट-पीट कर मारने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी पुलिसकर्मियों को नौकरी से भी बर्खास्त कर दिया गया है। इस घटना ने मई, 2020 में पुलिस के हाथों अश्वेत पुरुष जॉर्ज फ्लॉयड की मौत की यादें ताजा कर दी हैं, जिसके बाद पूरे अमेरिका में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे। ताजा घटना के बाद भी प्रदर्शन की आशंका बनी हुई है।

मामला

क्या है पूरा मामला?

घटना 7 जनवरी को टेनेसी राज्य के मेम्फिस शहर में हुई। पुुलिस विभाग ने 29 वर्षीय टायर निकोलस को लापरवाह ड्राइविंग के लिए रोका था। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने उसे इतना पीटा कि उसे पहचानना मुश्किल हो गया। पुलिस के अनुसार, निकोलस को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका और तीन दिन बाद 10 जनवरी को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

आरोपी

आरोपी पुलिसकर्मी भी अश्वेत, आंतरिक जांच के बाद कर दिए गए थे बर्खास्त

पांचों आरोपी पुलिसकर्मी भी अश्वेत हैं और उन्हें आंतरिक जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। जांच में सामने आया है कि उन्होंने अत्यधिक बल का इस्तेमाल किया और मदद प्रदान करने में नाकाम रहे। उन पर सेकंड डिग्री हत्या की धारा लगाई गई है। इसके अलावा उन पर गंभीर हमला और गंभीर अपहरण की धाराओं के तहत भी केस दर्ज किया गया है। अभी सभी आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं।

प्रतिक्रिया

निकोलस के परिवार के वकीलों ने जताई कार्रवाई पर संतुष्टि

निकोलस के परिवार के वकीलों ने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो देखा है, जिसमें घृणित तरीके से निकोलस की जान ली गई। उन्होंने कहा, "मेम्फिस अधिकारियों द्वारा दी गई सूचना कि इन पांच पुलिसकर्मियों को उनकी घातक और क्रूर कार्रवाई के लिए उत्तरदायी ठहराया जा रहा है, हमें निकोलस के लिए न्याय की मांग जारी रखने की आशा देता है।" उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा को रोकने के लिए बदलाव और सुधार की सख्त जरूरत है।

अपील

राष्ट्रपति बाइडन ने लोगों से की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

मेम्फिस के अधिकारी शुक्रवार शाम 6 बजे (सेंट्रल टाइम) के बाद घटना का वीडियो जारी करेंगे और इसके जारी होने के बाद प्रदर्शन होने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोगों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील की है। उन्होंने कहा, "जब अमेरिका शोक बना रहा है, न्याय विभाग अपनी जांच कर रहा है और राज्य प्रशासन अपना काम कर रहा है, तब मैं शांतिपूर्व प्रदर्शन की टायर के परिवार की अपील के साथ हूं।"

अन्य घटना

घटना से ताजा हुईं जॉर्ज फ्लॉयड की मौत की यादें

इस घटना ने मई, 2020 में श्वेत पुलिसकर्मियों की हिरासत में अश्वेत पुरुष जॉर्ज फ्लॉयड की मौत की याद दिला दी है। फ्लॉयड पर काले धन के इस्तेमाल का आरोप था। उनसे पूछताछ करने आई पुलिस के एक अधिकारी ने अपने घुटने से काफी देर तक फ्लॉयड की गर्दन को दबाए रखा। इस बीच फ्लॉयड ने पुलिसकर्मी से कहा कि वह सांस नहीं ले पा रहा है, लेकिन पुलिसकर्मी ने घुटना नहीं हटाया और फ्लॉयड की मौत हो गई।