अमेरिका 2024 राष्ट्रपति चुनाव परिणाम की हर लाइव अपडेट
ट्रंप होंगे अमेरिका के अगले राष्ट्रपति
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। इस बीच अमेरिकी मीडिया आउटलेट एसोसिएटेड प्रेस ने रिपब्लिक पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की जीत का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बहुमत के लिए जरूरी 270 इलेक्टोरल वोट्स जुटा लिए हैं। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी और डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस को अभी तक 224 इलेक्टोरल वोट्स ही मिले हैं। ऐसे में ट्रंप अमेरिका के अगले राष्ट्रपति होंगे।
ऐसी जीत अमेरिका ने पहले कभी नहीं देखी- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "हम मतदाताओं के लिए सब कुछ ठीक करने जा रहे हैं। यह एक ऐसी राजनीतिक जीत है, जो हमारे देश ने पहले कभी नहीं देखी। 47वें राष्ट्रपति के रूप में मैं हर दिन आपके लिए लड़ूंगा। यह अमेरिका के लिए एक शानदार जीत है, जो अमेरिका को फिर से महान बनाएगी।"
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी चुनावों में जीत दर्ज करने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है। उन्होंने लिखा,'मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। जैसा कि आप अपने पिछले कार्यकाल की सफलताओं को आगे बढ़ा रहे हैं। मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए हमारे सहयोग को नवीनीकृत करने की आशा करता हूं। आइए हम सब मिलकर अपने लोगों की बेहतरी के लिए काम करें और वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा दें।'
डोनाल्ड ट्रंप ने मंच पर किया डांस
अमेरिकी चुनाव में जीत के करीब पहुंचने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंच से भाषण देने के बाद विलेज पीपल बैंड के गीत पर डांस भी किया। इससे उनके समर्थकों में जोश भर गया।
स्विंग स्टेट्स में ट्रंप को बड़ी बढ़त
अब तक के नतीजों के मुताबिक, ट्रंप को 267 और कमला को 214 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। जीत के लिए 270 इलेक्टोरल वोट की जरूरत है। कमला को स्विंग स्टेट्स में काफी बड़ा झटका लगा है। 7 स्विंग स्टेट्स में से ट्रंप ने 2 में जीत दर्ज कर ली है और बाकी 5 में भी आगे चल रहे हैं।
ट्रंप की जीत लगभग तय
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। इस बीच अमेरिकी मीडिया आउटलेट फॉक्स न्यूज ने रिपब्लिक पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की जीत का ऐलान कर दिया है। जीत के अनुमानों के बीच ट्रंप ने पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह इतिहास का सबसे महान राजनीतिक क्षण है।
कमला हैरिस ने न्यू हैम्पशायर में जीत दर्ज की
कमला हैरिस ने न्यू हैम्पशायर से जीत हासिल कर 4 इलेक्टोरल वोट अपने नाम किए हैं। न्यू हैम्पशायर ने पिछले 8 राष्ट्रपति चुनावों में से 7 में डेमोक्रेट्स का ही समर्थन किया है। अब हैरिस के 214 और ट्रंप के 247 वोट हो गए हैं।
सुहास सुब्रमण्यम वर्जीनिया से कांग्रेस की दौड़ में जीते
सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया और पूरे पूर्वी तट से चुने जाने वाले पहले भारतीय अमेरिकी बनकर इतिहास रच दिया है। डेमोक्रेटिक गढ़ वर्जीनिया के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव लड़ते हुए सुब्रमण्यम ने रिपब्लिकन पार्टी के माइक क्लैंसी को हराया। वे वर्तमान में वर्जीनिया राज्य के सीनेटर हैं।
इस बार जॉर्जिया पार्टी बदलने वाला पहला राज्य बना
जॉर्जिया में ट्रंप की जीत के साथ यह राज्य 2020 के परिणामों से उलटफेर करने वाला पहला राज्य बन गया है। ट्रंप पिछले चुनावों में जॉर्जिया में डेमोक्रेट जो बाइडन से 11,000 से अधिक वोटों से हार गए थे।
ट्रंप ने जॉर्जिया में जीत हासिल की
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्विंग स्टेट जॉर्जिया में जीत हासिल की है, जिसके 16 इलेक्टोरल वोट रिपब्लिकन पार्टी के खाते में आ गए। 2020 में जो बाइडन ने जॉर्जिया को बहुत कम अंतर से जीता था। इसके साथ ही ट्रंप ने नेब्रास्का में प्रथम कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से एक और इलेक्टोरल वोट अपने नाम किया है। अब ट्रंप के पास 247 वोट हैं, वहीं कमला हैरिस के पास 210 वोट हैं।
कमला हैरिस ने नेब्रास्का में दूसरे कांग्रेसनल जिले में जीत हासिल की
डेमोक्रेट कमला हैरिस ने नेब्रास्का के दूसरे कांग्रेसनल जिले में जीत हासिल कर अपने नाम एक और इलेक्टोरल वोट जोड़ा है। अब उनके नाम 210 और डोनाल्ड ट्रंप के नाम 230 इलेक्टोरल वोट हो गए हैं।
कमला हैरिस ने हवाई में जीत हासिल की
डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस ने अमेरिकी राज्य हवाई में जीत हासिल की है और यहां के 4 इलेक्टोरल वोट अपने नाम किए हैं। यह लगातार 10वां राष्ट्रपति चुनाव है जिसमें हवाई ने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार को चुना है। अब हैरिस के खाते में 209 वोट हैं, वहीं रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के नाम 230 वोट हैं। राष्ट्रपति बनने के लिए 270 वोट चाहिए।
अमेरिकी चुनाव परिणामों के बीच रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा
अमेरिका के चुनाव परिणामों के बीच भारतीय रुपया अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच गया है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के शुरुआती नतीजों के कारण अमेरिकी डॉलर में तेजी आ गई है। रुपया डॉलर के मुकाबले 84.1950 पर आ गया, जो मंगलवार के बंद भाव से लगभग 0.1% कम है। अन्य एशियाई मुद्राओं का प्रदर्शन भी खराब है।
कमला हैरिस ने वर्जीनिया में जीत दर्ज की
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने वर्जीनिया में जीत हासिल की है, जिससे उनके खाते में 13 इलेक्टोरल वोट और जुड़ गए। अब हैरिस के पास कुल 205 इलेक्टोरल वोट हो गए हैं, वहीं डोनाल्ड ट्रंप के पास 230 वोट हैं। जीत के लिए 270 इलेक्टोरल वोट चाहिए।
कौन आगे?
AP के अनुसार, रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप 230 इलेक्टोरल वोटों के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस फिलहाल 192 वोटों के साथ पीछे चल रही हैं। राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए 270 इलेक्टोरल वोटों की आवश्यकता होती है।
वाशिंगटन में कमला हैरिस जीती
कमला हैरिस ने वाशिंगटन में जीत हासिल कर 12 इलेक्टोरल वोट अपने नाम कर लिए हैं। बता दें, वाशिंगटन ने 1984 के बाद से किसी भी रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को नहीं जिताया है।
डोनाल्ड ट्रंप के कमला हैरिस को हराने की 89% संभावना
न्यूयॉर्क टाइम्स के एक भविष्यवक्ता के अनुसार, रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने की 89% संभावना है, क्योंकि शुरुआती रुझानों में वह बहुत आगे चल रहे हैं।
कमला हैरिस ने कैलिफोर्निया में जीत हासिल की
कमला हैरिस ने कैलिफोर्निया में जीत हासिल की है, जिससे उन्हें 54 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। यहां डेमोक्रेटिक पार्टी का जीतना लगभग तय था। यहां हैरिस पहले अमेरिकी सीनेटर और अटॉर्नी जनरल के रूप में काम भी कर चुकी हैं। 1988 के बाद से किसी रिपब्लिकन उम्मीदवार ने देश के सबसे अधिक आबादी वाले इस राज्य में जीत हासिल नहीं की है।
मस्क बोले- गेम, सेट और मैच
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव परिणामों की घोषणा के बीच अरबपति और डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'गेम, सेट और मैच'। मस्क ने एक्स पर यह पोस्ट तब की जब ट्रंप ने हमला हैरिस के खिलाफ बढ़त हासिल कर ली है।
डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा में जीत हासिल की
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा राज्य में जीत हासिल की है, जिससे उन्होंने राज्य के 6 इलेक्टोरल वोटों पर कब्जा कर लिया। आयोवा के अधिकांश लोगों ने 2008 और 2012 में डेमोक्रेट बराक ओबामा का समर्थन किया था, लेकिन 2016 और 2020 में ट्रंप को चुना। एक बार फिर ट्रंप ने यहां बाजी मारी है।