Loading...
पाकिस्तान ने सऊदी अरब में तैनात किए 15,000 सैनिक और लड़ाकू विमान
पाकिस्तान ने मक्का समझौते के तहत सऊदी अरब में सैन्य तैनाती की पुष्टि की है (फाइल तस्वीर)

पाकिस्तान ने सऊदी अरब में तैनात किए 15,000 सैनिक और लड़ाकू विमान

लेखन आबिद खान
Oct 08, 2026
11:26 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान ने सऊदी अरब में सैन्य तैनाती किए जाने की पुष्टि की है। ये तैनाती सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच हुए मक्का रक्षा समझौते के तहत की गई है। पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि सऊदी अरब में तैनात पाकिस्तानी सेना समझौते के तहत कई जिम्मेदारियों को निभा रही है। ये कदम सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के लगातार हमलों के बीच अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट

एक मेजर जनरल, 4 ब्रिगेडियर और 12 कर्नल तैनात

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने मक्का समझौते के तहत सऊदी अरब में पहले ही एक बड़ी सैन्य टुकड़ी तैनात कर दी है। इसमें कम से कम 6 पैदल सेना और तोपखाना ब्रिगेड सहित 15,000 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक शामिल हैं।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि इस तैनाती में एक मेजर जनरल, 4 ब्रिगेडियर, 12 कर्नल, 36 लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर और कैप्टन रैंक के लगभग 60 अधिकारियों सहित वरिष्ठ पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी शामिल हैं।

वायु सेना

किंग अब्दुलअजीज अड्डे पर मौजूद हैं लड़ाकू विमान

रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब को पाकिस्तान की सैन्य सहायता केवल सैनिकों तक सीमित नहीं है।

पाकिस्तानी वायु सेना ने सऊदी अरब में अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है और लड़ाकू विमानों और अन्य युद्धक संपत्तियों को भी तैनात किया है। ये सऊदी के शहरों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और रणनीतिक बुनियादी ढांचों की सुरक्षा कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि किंग अब्दुलअजीज अड्डे पर JF-17 लड़ाकू विमान, तुर्की के ड्रोन और HQ-9 वायु रक्षा प्रणाली तैनात की गई है।

ADVERTISEMENT

तैनाती

और सैनिक तैनात कर सकता है पाकिस्तान

रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान बड़े पैमाने पर सैनिकों की तैनाती की तैयारी कर रहा है और 25,000 अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की योजना विचाराधीन है या इस पर काम चल रहा है।

इस तैनाती में जमीनी टुकड़ियां, वायु रक्षा संसाधन, ड्रोन, रॉकेट और अतिरिक्त हवाई शक्ति शामिल हो सकती हैं।

ये भी माना जा रहा है कि 400 से ज्यादा पाकिस्तानी नौसैनिक पहले से सऊदी में तैनात किए जा चुके हैं।

ADVERTISEMENT

मक्का समझौता

क्या है मक्का समझौता?

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच 7 अगस्त को मक्का रक्षा समझौता हुआ था। इसके तहत, तीनों देशों में से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला सभी देशों पर हमला माना जाएगा।

इसके अलावा तीनों देश सामूहिक प्रतिरोध, संयुक्त सैन्य अभ्यास, खुफिया जानकारी साझा करने और रक्षा-औद्योगिक सहयोग पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

इस समझौते को तीनों देशों ने 'पूरी तरह से रक्षात्मक' बताया है।

हूती विद्रोहियों के हमले के बीच इसी समझौते के तहत पाकिस्तान ने तैनाती की है।

ADVERTISEMENT