LOADING...
खुद से शादी करने वाली महिला ने खुद से लिया तलाक, अब ढूंढ रहीं नया पति
खुद से शादी करने वाली महिला अब हुई तलाकशुदा, ढूंढ रही है पति

खुद से शादी करने वाली महिला ने खुद से लिया तलाक, अब ढूंढ रहीं नया पति

लेखन सयाली
Sep 13, 2024
03:19 pm

क्या है खबर?

पिछले कुछ सालों से दुनियाभर में खुद से शादी करने का ट्रेंड चल पड़ा है। इसी ट्रेंड का पालन करते हुए लंदन की एक महिला ने अपने आप से शादी रचाई थी। हालांकि, अब इस महिला ने ऊबकर खुद से तलाक ले लिया है। इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि महिला अब अपने लिए एक नया पति भी तलाश रही हैं। आइए खुद से शादी करके तलाकशुदा होने वाली इस महिला की विचित्र कहानी जानते हैं।

मामला

शादी के एक साल बाद खुद से खुश नहीं थी महिला

सुएलेन कैरी नाम की यह महिला पेशे से एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मॉडल हैं। वह मूल रूप से ब्राजील से हैं और फिलहाल लंदन में रह रही हैं। उन्होंने पिछले साल खुद से शादी करके काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, शादी के एक साल बाद ही उन्हें खुद के रिश्ते में कई कठिनाइयां महसूस होने लगीं और उन्होंने तलाक लेने का फैसला किया। सुएलेन ने कहा, "यह समझना जरूरी है कि किसी रिश्ते को कब तक निभाना चाहिए।"

थेरेपी

अपनी शादी को निभाने के लिए सुएलेन लेती थीं थेरेपी

सुएलेन ने कहा कि वह इस रिश्ते में खुद के लिए परफेक्ट नहीं बन पाईं। हालांकि, उन्होंने सोलोगैमी शादी में भी अपने रिश्ते को निभाने की पूरी कोशिश कि थी। सुएलेन अपनी शादी को बरकरार रखने के लिए करीब 10 बार कपल थेरेपी में भी गईं थीं। हालांकि, उन्हें कोई मदद नहीं मिली, जिस कारण उन्होंने खुद से तलाक ले लिया। सुएलेन बताती हैं कि वह खुद से शादी करके बिलकुल अकेला महसूस करती थीं।

पति

मुझे नए पति की तलाश है- सुएलेन

सुएलेन ने कहा, "मुझे एहसास हुआ कि मेरी शादी खुद को समझने की एक प्रक्रिया थी। हालांकि, मैं यह भी समझ गई कि व्यक्तिगत विकास हमें एक अलग दिशा भी दे सकता है।" अब सुएलेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी डाली है, जिसमें लिखा है, 'मुझे नए पति की तलाश है।' उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी खूब निंदा कर रहे हैं।

सोशल मीडिया

सुएलेन अमेरिका की गायिका मारिया कैरी की करती हैं नकल

सुएलेन के इंस्टाग्राम पर लगभग 4.3 लाख फॉलोवर हैं और वह सोशल मीडिया के जरिए लाखों रुपये कमाती हैं। सुएलेन अमेरिका की मशहूर गायिका मारिया कैरी की नकल करती हैं और उन्हीं की तरह दिखती हैं। सुएलेन ने 21 सितंबर, 2023 को खुद से शादी की थी और इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके लिखा था, 'आज मैं खुद को महत्व देती हूं और प्यार करती हूं।' वह खुद से शादी करके सेल्फ-लव को बढ़ावा देना चाहती थीं, जिसमें वह नाकाम रहीं।