Loading...
विन्सेंट वैन गॉग की पेंटिंग ने तोड़े नीलामी के रिकॉर्ड, 176 करोड़ रुपये में बिकी
वैन गॉग की पेंटिंग 176 करोड़ रुपये में बिकी

विन्सेंट वैन गॉग की पेंटिंग ने तोड़े नीलामी के रिकॉर्ड, 176 करोड़ रुपये में बिकी

लेखन सयाली
Nov 20, 2026
02:32 pm

क्या है खबर?

विन्सेंट वैन गॉग दुनिया के सबसे मशहूर पेंटर में से एक हैं, जिनकी हर पेंटिंग करोड़ों में बिकती है। हालांकि, उनकी एक पेंटिंग ने बुधवार को नीलामी के रिकॉर्ड ही तोड़ दिए। वैन गॉग की 'शताइनिए एन फ्लूर' यानि 'चेस्टनट ट्री इन ब्लॉसम' पेंटिंग 190 मिलियन डॉलर यानि 176 करोड़ रुपये से भी अधिक में नीलाम हुई है। इसने वैन गॉग की अब तक की सबसे महंगी बिकने वाली पेंटिंग का पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

नीलामी

विवादों में घिरी थी यह पेंटिंग

इस पेंटिंग की नीलामी का आयोजन 'सोथबी' नाम के नीलामीघर ने करवाया। नीलामी को न्यूयॉर्क में आयोजित किया गया था।

यह ऐतिहासिक बिक्री, आखिरी समय में हुए एक समझौते के बाद संभव हो सकी है। यह समझौता उस विवाद को सुलझाने के लिए किया गया था, जिसमें यह दावा किया गया था कि नाजियों के उदय के दौरान, दबाव डालकर इस पेंटिंग को बेचा गया था।

पेंटिंग को कला व्यापारी और एक्वावेला गैलरीज के प्रमुख विलियम एक्वावेला ने खरीदा है।

बिक्री

क्या है पेंटिंग का इतिहास?

यह एक ऑयल-पेंटिंग है, जिसे 'ब्लैक्वियर-एरियेटा कलेक्शन' नाम के सेट के हिस्से के रूप में बेचा गया है। जर्मनी के प्रभावशाली प्रकाशक सैमुअल फिशर ने 1909 में पेरिस में इस पेंटिंग को खरीदा था और उनके परिवार ने इसे 1936 में बेच दिया।

उनके वारिसों ने पहले इस बिक्री का विरोध किया था। उनका कहना था कि फिशर परिवार ने यह पेंटिंग केवल इसलिए बेची थी, क्योंकि उन्हें नाजियों के दौर में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था।

ADVERTISEMENT

पेंटिंग

लंबे समय तक चला विवाद

फिशर परिवार के वकील गुन्नार श्नाबेल ने सोथबी से ये साबित करने को कहा था कि पेंटिंग को उसके बाजार मूल्य पर बेचा गया था और राजनीतिक हालात चाहे जो भी रहे होते, परिवार उसे फिर भी बेच देता।

सोथबी के अनुसार, ब्लैक्वियर-एरीटा परिवार ने 1975 में यह पेंटिंग हासिल की थी और आधी सदी से भी ज्यादा समय से यह उनके पास है। अब जा कर इस परिवार ने इसे बेचने का फैसला किया था।

ADVERTISEMENT

सोथबी

सोथबी ने दी बिक्री की जानकारी

मंगलवार को सोथबी ने बयान जारी करके कहा, 'विंसेंट वैन गॉग की पेंटिंग 'शताइनिए एन फ्लूर' की बिक्री को लेकर ब्लैक्वियर-एरीटा परिवार और हेडविग तथा सैमुअल फिशर के सभी कानूनी उत्तराधिकारियों के बीच एक समझौता हो गया है।'

सोथबी के मुताबिक, पेंटिंग के नाजी-युग से जुड़े इतिहास और होलोकॉस्ट के दौरान फिशर परिवार द्वारा झेले गए कष्टों को ध्यान में रखते हुए, दोनों परिवार ऐसे समाधान पर सहमत हुए, जो दोनों के लिए संतोषजनक हैं।

ADVERTISEMENT