अनोखी इंटर्नशिप ने चमकाई महिला की किस्मत, 60 दिन सोईं और जीत लिए 9 लाख रुपये
क्या है खबर?
आज के दौर में काम के चलते लोग अपनी नींद पूरी नहीं कर पाते हैं। हालांकि, क्या हो अगर आपका काम ही नींद पूरी करना हो? ऐसा ही कुछ मुंबई की रहने वाली एक महिला के साथ हुआ। उन्हें वाकई सोने के लिए पैसे दिए गए हैं। दरअसल, जिनिया चटर्जी ने 'वेकफीट' की 'सोने वाली इंटर्नशिप' के 5वें सीजन में भाग लिया था। इसके जरिए उन्होंने केवल नींद पूरी करके 9.6 लाख रुपये की मोटी रकम कमा ली है।
मामला
क्या थी प्रतियोगिता?
'वेकफीट' द्वारा आयोजित की गई यह प्रतियोगिता 2 महीने तक चली, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से 10 लोगों ने भाग लिया था। 2 लाख लोगों के आवेदनों में से महज 10 चुने गए थे।
प्रतियोगिता के दौरान सभी को पर्याप्त नींद लेनी थी, एक नियमित दिनचर्या बनाए रखनी थी और अंक पाने के लिए साप्ताहिक चुनौतियों में हिस्सा लेना था।
जिनिया ने लीडरबॉर्ड पर पहला स्थान पा कर पैसों के साथ-साथ स्पोंसर्ड यात्रा भी जीत ली।
प्रतियोगिता
सोने तक ही सीमित नहीं थी प्रतियोगिता
60 दिनों के दौरान प्रतिभागियों ने नींद के पैटर्न पर नजर रखी और दैनिक स्कोर को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए। हर हफ्ते उन्हें ऐसी गतिविधियों में हिस्सा लेना था, जिनसे उनकी रचनात्मकता और अनोखे कार्यों को पूरा करने की क्षमता की परख होती थी।
इनमें 'स्लीप सिनेमा', 'स्लीप बिंगो' और 'अंडरकवर स्लीप मिशन' जैसे नींद से जुड़े खेल खेलना शामिल होता था। हर हफ्ते सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले को 'प्रो स्लीपर ऑफ द वीक' चुना जाता था।
फिनाले
फिनाले में हुई कांटे की टक्कर
प्रतियोगिता के अंत में रत्नागिरी मणिकंदन, जिनिया और महक खोट शीर्ष 3 प्रतियोगी बनकर उभरे। हालांकि, हैदराबाद के करीम खान 'वाइल्ड कार्ड' बनकर आगे आए।
इन चारों ने 'बिग बेड' नाम के ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लिया, जो किसी रियलिटी शो जैसा था। इसमें चारों ने अलग-अलग खेल खेले और नींद पूरी की।
सभी के अंक जोड़ने के बाद जिनिया को विजेता घोषित किया गया था और वो 9.6 लाख रुपये की रकम के साथ घर लौटीं।