
डाइपर पहनकर स्केटबोर्डिंग करता है यह होनहार बच्चा, महज 11 महीने है उसकी उम्र
क्या है खबर?
बच्चे पैदा होने के कई महीनों बाद तक सही से चलना भी नहीं सीख पाते हैं। वे या तो क्रॉलिंग करते हैं या किसी का सहारा लेकर नन्हें कदम बढ़ा पाते हैं। हालांकि, अब एक बच्चे ने कुछ महीनों की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे देखकर पूरी दुनिया दंग है। दरअसल, महज 11 महीने की आयु में यह नन्हीं-सी जान स्केटबोर्डिंग कर लेती है। आइए विस्तार से इस बच्चे की कहानी जानते हैं।
मामला
सोशल मीडिया पर छा गया है नन्हां जुआनजुआन
यह बच्चा दक्षिण पश्चिमी चीन का रहने वाला है, जिसे प्यार से लोग जुआनजुआन कहकर पुकारते हैं। वह अभी तक एक साल का भी नहीं हुआ है, लेकिन स्केटबोर्ड पर प्रभावशाली कौशल प्रदर्शित कर रहा है। जुआनजुआन के माता-पिता सोशल मीडिया पर उसके वीडियो साझा करते हैं, जिनमें वह कुशलता से स्केटबोर्डिंग करता दिखाई देता है। वह पिछले 2 महीने से बिना किसी सहारे के स्केटबोर्डिंग करने में सक्षम है।
सिखाना
5 महीने की आयु से चला रहा है स्केटबोर्ड
जुआनजुआन के पिता लियू डाओलोंग एक पूर्व स्नोबोर्डिंग एथलीट हैं और चीनी राष्ट्रीय स्नोबोर्ड टीम के सदस्य हैं। यही कारण था कि वह अपने बेटे को छोटी उम्र से ही स्केटबोर्डिंग सिखाना चाहते थे। जब जुआनजुआन 5 महीने का था, तब लियू ने उसे स्थानीय स्केट पार्क में स्केटबोर्डिंग से परिचित कराया था। उस वक्त से ही उसे यह गतिविधि पसंद आने लगी थी। उसने जब से खड़े होने की कोशिश करना शुरू किया, तभी से वह स्केटबोर्डिंग करने लगा।
प्रगति
9 महीने की आयु में पहली बार घर से बाहर चलाया था स्केटबोर्ड
6 महीने की आयु में जुआनजुआन सहारे के साथ खड़ा होने लगा था। वहीं, 8 महीने का होने तक वह स्नोबोर्ड पर एक मिनट से ज्यादा समय तक अपना संतुलन बनाए रखने में सक्षम हो गया था। इसके बाद ही लियू ने उसे असल में प्रशिक्षित करना शुरू किया। जुआनजुआन ने शुरू में घर पर ही अभ्यास किया और जब वह 9 महीने का हुआ, तो वह पहली बार स्केटबोर्डिंग का अनुभव लेने के लिए बाहर निकला।
स्केटबोर्डिंग
बिना सहारे के सड़कों पर कर लेता है स्केटबोर्डिंग
9 से 10 महीने की उम्र में जुआनजुआन ने छोटी दूरियों तक स्केटबोर्डिंग करना शुरू कर दिया था। वर्तमान में वह 11 महीने का हो गया है और व्यस्त शहरी इलाकों में कई 100 मीटर तक खुद से स्केटबोर्डिंग कर लेता है। इस दौरान उसके माता-पिता उसे हेलमेट और घुटनों के पैड जैसे सुरक्षा गियर के साथ-साथ डाइपर भी पहनाते हैं। जैसे ही जुआनजुआन बोर्ड पर आगे बढ़ता है, लियू भी उसी गति से उसके साथ-साथ दौड़ते हैं।
वीडियो
जुआनजुआन के वीडियो देख उड़ जाते हैं लोगों के होश
जुआनजुआन की मां उसका सोशल मीडिया अकाउंट संभालती हैं और उसके कई प्यारे वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। इनमें वह हस्ते हुए स्केटबोर्डिंग करता नजर आता है, जिसे देखकर प्रशंसक भी हैरान हो जाते हैं। जुआनजुआन की मां ने बताया कि उसने अब तक चलना नहीं सीखा है, लेकिन स्केटबोर्डिंग करने में कुशल हो गया है। उन्होंने बताया कि उनका ऊर्जावान बेटा जागते समय हमेशा गतिशील रहता है और अपनी कैलोरी जलाने के लिए गतिविधियां ढूंढता रहता है।