 
                                                                                अमेरिका: इस करोड़पति ने अपनी कंपनी को कर्मचारियों के नाम किया, जानिए कारण
क्या है खबर?
अमेरिका की बॉब रेड मिल कंपनी के संस्थापक बॉब मूर का बीती 10 फरवरी को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया, लेकिन निधन के बाद से वह चर्चा का विषय बने हुए हैं। इसका कारण है कि बॉब ने दुनिया छोड़ने से पहले ही अपनी प्राकृतिक खाद्य कंपनी को किसी खाद्य समूह को बेचने की बजाय उसका पूर्ण स्वामित्व अपने 700 कर्मचारियों के नाम कर दिया। उनकी कंपनी अपने साबुत अनाज उत्पादों के लिए जानी जाती है।
कंपनी
बॉब ने 1978 में शुरू की थी कंपनी
बॉब ने अपनी पत्नी चार्ली के साथ मिलकर साल 1978 में बॉब रेड मिल की स्थापना की थी और साल 2010 में बॉब ने कंपनी के मालिक के रूप में हटने का फैसला किया। उन्होंने उसी साल पहले अपने 81वें जन्मदिन पर अपने 209 कर्मचारियों के लिए एक कर्मचारी स्टॉक स्वामित्व योजना की शुरूआत की, लेकिन साल 2020 तक कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 700 हो गई। तब से ही उनकी कंपनी का पूर्ण स्वामित्व उनके कर्मचारियों के नाम है।
बयान
बॉब ने इसलिए कर्मचारियों के नाम की कंपनी
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक इंटरव्यू में बॉब ने कहा था कि आमतौर पर कंपनी के मालिक अपने मुनाफे के बारे में सोचते हैं, लेकिन इसके पीछे कर्मचारियों की मेहनत भी होती है, इसलिए उन्होंने अपनी कंपनी को अपने कर्मचारियों को सौंपने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने लगभग 70 साल पहले मेहनत और दयालुता के महत्व को समझा था और जैसे-जैसे उनका व्यवसाय बढ़ा, उन्होंने इसे ही उदारता का अवसर मान लिया।
जीवनन
कुछ इस तरह बीता बॉब का जीवन
15 फरवरी, 1929 को अमेरिका के राज्य ओरेगन में जन्मे बॉब ने अपने प्रारंभिक साल कैलिफर्निया में बिताएं। उन्होंने स्नातक स्तर की पढ़ाई के बाद 3 साल तक सेना में नौकरी की और मार्शल द्वीप में निर्माण प्रयासों में योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बॉब रेड मिल की शुरुआत की। ओरेगन में स्थित बॉब रेड मिल जैविक अनाज, ग्लूटेन-मुक्त विकल्प, बेकिंग मिश्रण और विभिन्न सामग्रियों जैसे उत्पादों वाली कंपनी है।
कारण
बॉब के निधन का कारण
बॉब का निधन उनके घर पर हुआ था। उनके परिवार के एक आधिकारिक बयान में प्राकृतिक कारणों के कारण उनका निधन होने की बात कही गई थी। बता दें कि कुछ समय से बॉब की तबीयत खराब रहने लगी थी, जिसके कारण साल 2018 में कंपनी में उनकी सक्रिय भूमिका से उनकी सेनानिवृत्ति हो गई। हालांकि, बॉब ने कंपनी के बोर्ड सदस्य के रूप में योगदान देना जारी रखा था।