Page Loader
UK: इस व्यक्ति के पास है दुनिया में सबसे बड़ा घोस्टबस्टर्स का संग्रह, बनाया विश्व रिकॉर्ड
व्यक्ति ने घोस्टबस्टर्स सीरिज का विशाल संग्रह करके बनाया रिकॉर्ड (तस्वीर: गिनीज वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड्स)

UK: इस व्यक्ति के पास है दुनिया में सबसे बड़ा घोस्टबस्टर्स का संग्रह, बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Jun 08, 2024
12:05 pm

क्या है खबर?

घोस्टबस्टर्स एक अमेरिकी फिल्म सीरीज है, जो कॉमेडी, एक्शन और हॉरर का बेहतरीन मिश्रण है। इस कारण दुनियाभर में इस सीरीज के कई फैन होगें, लेकिन यूनाइटेड किंगडम (UK) में एसेक्स के रहने वाले डैरेन मैकक्वाडे इस सीरीज के सुपरफैन हैं। उनके पास सीरीज से जुड़ी 2000 से अधिक वस्तुओं का संग्रह है और इसके कारण वह गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। आइए इस विश्व रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जानते हैं।

विश्व रिकॉर्ड

डैरेन ने तोड़ा रॉबर्ट ओ कॉनर का पिछला रिकॉर्ड

डैरेन ने घोस्टबस्टर्स से जुड़ी 2,012 वस्तुओं के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाकर अमेरिका के रॉबर्ट ओ कॉनर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2020 में 1,221 वस्तुओं के संग्रह के साथ रिकॉर्ड बनाया था। गिनीज ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की रिपोर्ट के मुताबिक, डैरेन के लिए घोस्टबस्टर्स सिर्फ एक फिल्म सीरीज नहीं है, बल्कि उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। घोस्टबस्टर्स के प्रति डैरेन का आकर्षण उनके बचपन में शुरू हुआ और एक बड़े संग्रह में बदल गया।

बयान

संग्रह किसी खजाने से कम नहीं- डैरेन

डैरेन ने बताया, "संग्रह में से कई चीजें उनके दिन के बहुत करीब हैं। जैसे कि घोस्टबस्टर्स 2 का क्रिसमस क्रैकर बॉक्स, जो घोस्टबस्टर्स सीरीज की सबसे दुर्लभ वस्तुओं में से एक है।" ऐसी यूनिक और दुर्लभ वस्तुओं के कारण ही डैरेन को कभी भी किसी अन्य घोस्टबस्टर्स संग्राहक का सामना नहीं करना पड़ा, जिस वजह से उनके लिए उनका संग्रह किसी खजाने से कम नहीं है।

योजना

अपने संग्रह को और बढ़ाएगें डैरेन

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों का कहना, "इस सप्ताह हम न केवल डैरेन की अनोखी उपलब्धि का जश्न मना कहे हैंस, बल्कि 8 जून 1984 को रिलीज हुई पहली घोस्टबस्टर्स फिल्म की 40वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं और डैरेन का रिकॉर्ड-ब्रेकिंग संग्रह इसके स्थायी प्रभाव का एक प्रमाण है।" डैरेन का कहना है कि वह अपने संग्रह से विश्व रिकॉर्ड बनाकर काफी खुश हैं और वह अपने संग्रह को आगे बढ़ाते रहेंगे।

अन्य विश्व रिकॉर्ड

व्यक्ति ने दुनिया के सबसे बड़े एक्स-मेन संग्रह का बनाया विश्व रिकॉर्ड

डैरेन से पहले बीते मई के महीने में अमेरिका के 53 वर्षीय एरिक जस्कोल्का को एक्स-मैन सीरीज से जुड़ी वस्तुओं का सबसे बड़ा संग्रह बनाने का विश्व रिकॉर्ड खिताब मिला था। उनके पास सीरीज से जुड़ी 25,000 से अधिक वस्तुओं का संग्रह है। एरिक ने सबसे पहले साल 2012 में इस संग्रह से विश्व रिकॉर्ड बनाया था और उस समय उनके पास एक्स-मेन से जुड़ी 10,000 वस्तुएं थी, लेकिन अब वह अपने इस रिकॉर्ड को बढ़ा चुके हैं।