Page Loader
इस 2 साल के बच्चे की IQ है बड़े-बड़ों से तेज, बना सबसे छोटा मेन्सा सदस्य 
2 साल का बच्चा बना मेन्सा का सदस्य

इस 2 साल के बच्चे की IQ है बड़े-बड़ों से तेज, बना सबसे छोटा मेन्सा सदस्य 

लेखन सयाली
May 27, 2025
08:15 pm

क्या है खबर?

आम तौर पर बच्चे अपना पहला शब्द 9 से 12 महीने के बीच बोलते हैं। हालांकि, कुछ बच्चे बहुत जल्दी बोलना शुरू कर देते हैं। ऐसे ही बच्चों में से एक है यूनाइटेड किंगडम (UK) का जोसेफ हैरिस बिर्टिल, जिसने 7 महीने में अपना पहला शब्द बोला था। उस वक्त उसके माता-पिता को अंदाजा नहीं था कि वह आगे चलके दुनियाभर में नाम कमाएगा। दरअसल, यह 2 साल का बच्चा मेन्सा का सबसे छोटा सदस्य बन गया है।

मेन्सा

मेन्सा का सदस्य बनने का क्या है मतलब? 

आपको बता दें कि मेन्सा उच्च IQ वाले लोगों की एक प्रतिष्ठित सोसायटी है। इसका सदस्य बनने के लिए आपकी IQ कम से कम 132 होनी चाहिए। इस सोसायटी ने बीते शुक्रवार को अपने सबसे युवा सदस्य का स्वागत किया, जिसकी उम्र अभी महज 2 साल और 186 दिन है। अभी तक जोसेफ की सटीक IQ का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन उसकी गतिविधियां उसके तेज दिमाग का बखान कर देती हैं।

जोसेफ

क्या हैं इस होनहार बच्चे की खूबियां?

जोसेफ के मां-बाप को कुछ महीनों में ही समझ आ गया था कि उनका बच्चा बहुत होनहार है। उसने पहली बार 5 हफ्ते की उम्र में करवट बदली थी, 7 महीने की उम्र में पहला शब्द बोला था और एक साल की उम्र में पहली किताब पढ़ी थी। ढाई साल की उम्र में जोसेफ 10 मिनट तक बोल-बोलकर पढ़ने लगा था, 5 भाषाओं में 10 तक गिनती करने लगा था और 100 तक गिनती सीख गया था।

दिलचस्पी

किन चीजों में है जोसेफ की रुचि?

जोसेफ की मां डॉ रोज और उसके पिता डेविड हैरिस बिर्टिल उसकी उपलब्धि से बहुत खुश हैं। रोज ने बताया कि वह फिलहाल मोर्स कोड सीख रहा है, ग्रीक वर्णमाला जानता है और पीरियाडिक टेबल में भी उसकी रुचि बढ़ रही है। जोसेफ नई-नई चीजें सीखने में दिलचस्पी रखता है और हमेशा ज्यादा जानने के लिए उत्सुक रहता है। उसे नई भाषाएं सीखना, गणित की समस्याएं हल करना, खाना पकाना, कागज के हवाई जहाज उड़ाना और खेलना भी पसंद है।

सदस्यता

जोसेफ को कैसे मिली मेन्सा की सदस्यता?

जब रोज को यह यकीन हो गया कि जोसेफ ने बहुत कम उम्र में पढ़ना शुरू कर दिया है, तब उन्होंने सहायता के लिए मेन्सा से संपर्क करने का फैसला किया। उन्होंने ऑनलाइन जानकारी खोजी और देखा कि मेन्सा अत्यधिक सक्षम बच्चों के लिए संसाधन और सदस्यता प्रदान करता है। इसी के बाद नन्हां जोसेफ मेन्सा का सदस्य बन सका। पढ़ने के अलावा, उसे संगीत में भी रुचि है और वह फिलहाल पियानो बजाना सीख रहा है।