Page Loader
अमेरिका: व्यक्ति को है अजीब बीमारी, शैतान जैसे दिखाई देते हैं लोगों के चेहरे 
व्यक्ति को बिगड़े हुए दिखाई देते हैं लोगों के चेहरे, लगी दुर्लभ बीमारी

अमेरिका: व्यक्ति को है अजीब बीमारी, शैतान जैसे दिखाई देते हैं लोगों के चेहरे 

लेखन सयाली
Mar 26, 2024
03:38 pm

क्या है खबर?

अगर आप एक दिन उठें और आपको लोगों के कान, नाक और मुंह पीछे की ओर फैले हुए और अजीब नजर आएं तो आप क्या करेंगे? यह बेहद फिल्मी और काल्पनिक लगता है। हालांकि, एक शख्स के साथ ऐसा असल में होने लगा है। अमेरिका के राज्य टेनेसी के एक व्यक्ति को प्रोसोपोमेटामोर्फोप्सिया (PMO) नामक बीमारी है। यह एक दुर्लभ दिमाग की बीमारी है, जिसमें लोगों के चेहरे अजीबो-गरीब और बिगड़े हुए दिखाई देते हैं। आइए पूरा मामला जानते हैं।

मामला

साल 2020 में व्यक्ति को बीमारी का चला था पता

59 वर्षीय विक्टर शरारा नामक एक व्यक्ति को 1 नवंबर, 2020 की सुबह इस विचित्र बीमारी का अनुभव हुआ। जब सुबह के समय विक्टर को अपने अपार्टमेंट में ही रहने वाले अपने दोस्त का चेहरा अजीब दिखने लगा। इसके बाद विक्टर घर से बाहर निकले तो उन्हें अहसास हुआ कि वह जिस भी व्यक्ति को देख रहे थे, उनके चेहरे उन्हें लगभग राक्षसी या शैतान जैसे ही नजर आ रहे थे।

बीमारी 

खौफनाक शैतानों जैसी दिख रही थी लोगों की शक्लें 

विक्टर पेशे से एक ट्रक चालक हैं और उनकी नजर हमेशा से तेज रही है। इसी कारण उन्हें जल्दी पता लग गया कि उनकी आंखों में कोई दिक्कत है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, विक्टर ने बताया कि उन्हें लगा की वह एक राक्षसी दुनिया में आ गए हैं, जो की बेहद डरावना था। इसके बाद विक्टर तुरंत ही अस्पताल पहुंचे, जहां उनके कई टेस्ट किए गए।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

जानकारी

PMO के अब तक 75 मामले आ चुके हैं सामने

PMO एक दुर्लभ विकार है, जिसके केवल 75 मामले दर्ज किए गए हैं। डॉक्टर अभी इसके बारे में ज्यादा नहीं जानते। इसे अक्सर एक मानसिक बीमारी के रूप में देखा जाता है। इसके कारण लोगों के चेहरे तो बदले हुए दिखते हैं, लेकिन मरीज उन्हें पहचान सकता है। विक्टर जिन लोगों से मिलते हैं, उनके बिगड़े चेहरों के बावजूद उन्हें हमेशा पहचान लेते हैं। विक्टर ने अब इस दुर्लभ बीमारी के साथ जीना सीख लिया है।

तस्वीरे

विक्टर को तस्वीरों में सामान्य दिखाई देते हैं लोग 

PMO के बारे में विस्तार से जानने के लिए न्यू हैम्पशायर स्थित डार्टमाउथ कॉलेज के वैज्ञानिकों ने विक्टर के साथ मिलकर काम किया। डॉक्टरों ने लोगों के चेहरे के चित्र बनवाएं, लेकिन उनमें विक्टर को लोगों के चेहरे सामान्य दिखाई देते हैं, जबकि सामने से अजीब नजर आते हैं। वैज्ञानिकों ने उन्हें सामने ही मौजूद लोगों की तस्वीरें भी दिखाईं ताकि विक्टर उनमें अंतर कर सकें।