कर्नाटक MLC चुनावों में NDA की जीत, भाजपा ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर कसा तंज
क्या है खबर?
कर्नाटक विधान परिषद (MLC) की 4 सीटों के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव के नतीजों में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा है। भाजपा और जनता दल सेक्यूलर (JDS) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी 4 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर सोशल मीडिया के जरिए तीखा तंज कसा है।
तंज
भाजपा ने पुराने पोस्टर के जरिए कसा है तंज?
चुनाव में NDA की एकतरफा जीत के बाद कर्नाटक भाजपा इकाई ने एक्स मुख्यमंत्री शिवकुमार की एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें उनके सिर पर गेंदे के फूल रखे हुए थे।
यह फरवरी 2023 में भाजपा सरकार के बजट के खिलाफ उनका अनोखा विरोध प्रदर्शन था।
इस तस्वीर को दोपारा पोस्ट करते हुए भाजपा ने लिखा, 'डीके, इट्स डन, ब्रो! (हो गया भाई) MLC चुनावों में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी 4/4 सीटों पर NDA का कब्जा!"
सवाल
निखिल कुमारस्वामी ने पूछा- अब मतपत्रों की चोरी का आरोप लगाएंगे?
चुनाव के नतीजों को लेकर JDS की युवा इकाई के अध्यक्ष निखिल कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर दोष मढ़ने का कोई मौका नहीं है, क्योंकि पूरी चुनावी मशीनरी राज्य की कांग्रेस सरकार के हाथ में थी और चुनाव मतपत्रों से हुए थे।
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब कांग्रेस अपनी इस करारी हार के लिए 'मतपत्रों की चोरी' का बहाना बनाएगी?
परिणाम
क्या रहे हैं चुनाव के परिणाम?
बेंगलुरु शिक्षक क्षेत्र से JDS के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है।
उत्तर-पूर्व शिक्षक क्षेत्र से भाजपा के शशिल जी नामोशी ने कांग्रेस के सरनप्पा मट्टूर को हराया है। यह नामोशी की इस क्षेत्र से 5वीं जीत है।
भाजपा ने इसके अलावा दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की अपनी पुरानी सीटों को भी सफलतापूर्वक बरकरार रखा है। यह राज्य में भाजपा के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है।