Page Loader
मध्य प्रदेश: पकड़ा गया 21,000 रुपये का इनामी 'मोस्ट वांटेड' बंदर, जानिए पूरा मामला
'मोस्ट वांटेड' बंदर 20 हमलों के बाद पकड़ा गया

मध्य प्रदेश: पकड़ा गया 21,000 रुपये का इनामी 'मोस्ट वांटेड' बंदर, जानिए पूरा मामला

लेखन अंजली
Jun 22, 2023
03:41 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश के राजगढ़ शहर में 2 हफ्ते तक आतंक मचाने के बाद बीते बुधवार को 'मोस्ट वांटेड' बंदर पकड़ा गया। इस बंदर को पकड़ने के लिए 21,000 रुपये का इनाम रखा गया था। उसने पिछले करीब 2 हफ्तों में 20 लोगों पर हमला किया था। कल शाम उज्जैन से बुलाई गई एक बचाव टीम ने स्थानीय अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर खतरनाक बंदर को पकड़ने का काम किया। आइए पूरे मामले के बारे में विस्तार से जानें।

इनाम

बंदर पर रखा 21,000 रुपये का इनाम 

बंदर को पकड़ने के लिए कई मशक्कतें की गई, लेकिन हर बार विफल होने के कारण स्थानीय अधिकारियों ने उसे पकड़ने के लिए 21,000 रुपये के इनाम की घोषणा कर दी। राजगढ़ नगर निगम अध्यक्ष विनोद साहू ने कहा, "नगर पालिका के पास बंदर को पकड़ने के साधन नहीं थे। हम जिला कलक्टर के पास पहुंचे और उनकी मदद से उज्जैन से वन विभाग की बचाव टीम को बुलाया। नगर पालिका के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों ने उनकी मदद की।"

बयान

4 घंटे तक चला बंदर को पकड़ने का ऑपरेशन- गैरव गुप्ता

वन अधिकारी गौरव गुप्ता ने कहा, "राजगढ़ में स्थानीय टीम ने पिछले 2 सप्ताह से बंदर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जब उज्जैन की टीम आई तो हम राजगढ़ पहुंचे और 4 घंटे के ऑपरेशन के बाद उस बंदर को पकड़ लिया।" पकड़े गए बंदर को छोड़े जाने वाली जगह के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि उसे घने वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा ताकि यह फिर से लोगों को नुकसान न पहुंचा सके।

जानकारी

8 बच्चों समेत 20 लोगों पर हमला कर चुका था बंदर

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 2 हफ्तों में बंदर ने जिन 20 लोगों पर हमला किया, उनमें 8 बच्चे भी शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि बंदर छतों और खिड़कियों पर बैठ जाते हैं और अचानक लोगों पर झपट पड़ते हैं। घायलों में शामिल कई लोगों को गहरी चोटें लगीं, जिसके कारण उन्हें कई टांके लगाने पड़े। इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में भी बंदर की हरकत कैद हुई हैं।

अन्य मामला

इससे पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

पिछले महीने भी एक ऐसा मामला सामने आया था कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा शहर में बंदरों ने आतंक मचा रखा है। वहां 3 महीने के अंदर बंदरों के हमले की 54 घटनाएं सामने आई हैं। यही नहीं, बंदर बागवानी और फलों को भी खराब कर रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। ऐसे में स्थानीय नगर पालिका ने वन विभाग की मदद से बंदरों को पकड़ने का अभियान चला रखा है।