LOADING...
झारखंड: सड़क पर भरे गंदे पानी से नहाने लगीं कांग्रेस विधायक, किया विरोध प्रदर्शन
झारखंड में सड़क मरम्मत करवाने के लिए कांग्रेस विधायक का अनोखा विरोध प्रदर्शन

झारखंड: सड़क पर भरे गंदे पानी से नहाने लगीं कांग्रेस विधायक, किया विरोध प्रदर्शन

लेखन गौसिया
Sep 21, 2022
08:03 pm

क्या है खबर?

झारखंड के गोड्डा जिले के महागमा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह बुधवार को एक अलग और अनोखे अंदाज में विरोध करती दिखीं। सड़क की खराब स्थिति के विरोध में विधायक बीच सड़क पर जमा घुटने तक गंदे पानी में बैठकर अपने ऊपर लोटे से गंदा पानी डालने लगीं। विधायक दीपिका गंदे पानी के अंदर ही धरने पर भी बैठ गईं और उनके साथ अन्य समर्थक भी इकट्ठा हो गए। आइए पूरी खबर जानें।

आरोप

विधायक ने सड़कों की खराब स्थिति के लिए भाजपा सांसद को जिम्मेदार ठहराया

मेहरमा के पिरोजपुर सिंधु कान्हू चौक पर सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, जिसके लिए विधायक ने जिले के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि इलाके में थोड़ी ही बारिश से सड़क पर घुटने तक पानी भर जाता है और बड़े-बड़े गड्ढे होने की वजह से यहां कई दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसे में कई बार लोगों की जान भी चली गई है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

ट्विटर पोस्ट

गंदे पानी से नहाने लगी कांग्रेस विधायक

Advertisement

बयान

विरोध कर रहीं कांग्रेस विधायक ने क्या कहा?

विधायक दीपिका ने कहा, "ये राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क बनी हुई है, लेकिन इसकी हालत जर्जर है। इसकी मरम्मत का काम केंद्र सरकार द्वारा किया जाना चाहिए, लेकिन भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को जनसमस्याओं से कोई मतलब नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि सांसद दुबे ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। कई बार विरोध करने के बावजूद भी सांसद ने कोई कदम नहीं उठाया। जब तक सांसद दुबे समाधान नहीं करेंगे तब तक वो धरने पर बैठी रहेंगी।

Advertisement

जवाब

मामले में सांसद ने ट्वीट कर दिया जवाब

मामले में सांसद दुबे ने ट्वीट कर राज्य सरकार को दोषी ठहराया है। उन्होंने लिखा, 'कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ धरने पर बैठीं हैं क्योंकि यह नेशनल हाइवे पथ निर्माण विभाग देखता है जिसके मंत्री हेमंत सोरेन जी हैं। उनकी लापरवाही या फिर कमीशन खोरी के कारण ये सड़क नहीं बन पा रही है। केंद्र सरकार ने छह महीने पहले ही सड़क के निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये दे दिए थे।'

स्थानीय प्रशासन

प्रशासन ने गड्ढे को भरने का काम शुरू किया

निशिकांत दुबे ने एक और ट्वीट कर लिखा, 'भारत सरकार के पथ परिवहन मंत्रालय को राज्य सरकार पर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने NH-133 का पैसा दे दिया था, टेंडर पास हो गया तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क पर काम क्यों नहीं शुरू करवाया।' उधर, विधायक दीपिका के धरना पर बैठने के बारे में जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत JCB भेजकर गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।

Advertisement