Page Loader
केरल: व्यक्ति ने यूलर संख्या के सबसे अधिक दशमलव स्थान याद करने का बनाया विश्व रिकॉर्ड
यूलर संख्या के सबसे अधिक दशमलव याद रखने का रिकॉर्ड (तस्वीर: गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स)

केरल: व्यक्ति ने यूलर संख्या के सबसे अधिक दशमलव स्थान याद करने का बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Aug 29, 2024
07:41 pm

क्या है खबर?

केरल में तिरुवनन्तपुरम के रहने वाले 33 वर्षीय दीपू वी ने अच्छी याददाश्त का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए यूलर संख्या के सबसे अधिक दशमलव स्थनों को याद करने का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दीपू ने 14,000 अंक बताकर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। बता दें कि यूलर संख्या पाई की तरह एक अनोखी संख्या है। इसमें 2.71828 से शुरू होकर अंक एक श्रृंखला में चलते रहते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानें।

नियम

रिकॉर्ड के लिए निर्धारित थे कड़े नियम

इस रिकॉर्ड के लिए सबसे पहले दीपू को एक कुर्सी पर बैठाकर उनकी आंखों पर काले रंग की पट्टी बांधी गई थी और रिकॉर्ड का प्रयास शुरू करने से पहले उनके कानों की जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी तरह की बेईमानी न हो। साथ ही कड़े नियम भी रखे गए, जिसमें यह शामिल था कि किसी भी गलती या 15 सेकंड से अधिक समय तक रूकने के बाद प्रयास तुरंत खत्म कर दिया जाएगा।

रिकॉर्ड

दीपू ने 49 मिनट में खत्म किया रिकॉर्ड प्रयास

कड़े नियमों के बावजूद दीपू ने महज 49 मिनट के अंदर लगातार 14,000 अंकों को सही क्रम में याद करके सफलता पा ली। गिनीज बुक के मुताबिक, दीपू ने बताया कि उनमें बचपन से ही संख्याओं को आसानी से याद रखने की क्षमता है और वह 500 से अधिक फोन नंबरों को याद कर लेते हैं। दीपू ने एक बार पाई के 2,000 अंकों को तेजी से सुनाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था।

प्रशिक्षण

इस तरह दीपू ने किया रिकॉर्ड बनाने का प्रशिक्षण

जब दीपू को पता चला कि यूलर संख्या को याद करने का भी विश्व रिकॉर्ड होता है तो उन्होंने इसे हासिल करने के लिए प्रशिक्षण शुरू कर दिया। दीपू ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए सोमवार से गुरुवार तक वह प्रतिदिन 250 अंकों को याद करते थे और सप्ताह के बाकी के दिनों में उन अंकों को दोहराते हुए उन्हें दिमाग में बनाए रखने की कोशिश करते थे।

बयान

विश्व रिकॉर्ड बनाकर काफी खुश हैं दीपू 

दीपू आधिकारिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स खिताब पाकर खुश हैं। उन्होंने कहा कि गिनीज का प्रमाणपत्र पाना एक सपने को सच करने जैसा है और इसे हासिल करके वह बहुत खुश हैं। बता दें, पहले यह रिकॉर्ड लगातार 10,122 अंक याद करने का था, जिसे दीपू ने पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 4 महीने तक तैयारी की थी।