ये महिला है दुनिया की सबसे बुजुर्ग नाई, 108 साल है उम्र
क्या है खबर?
अपने काम को सफलतापूर्वक करना अपने आप में ही एक उपलब्धि होती है, लेकिन जब लोग उसकी प्रशंसा करने लग जाए तो ऐसा लगता है मानो कोई खिताब मिल गया हो।
ऐसी ही जापान की 108 वर्षीय शित्सुई हकोइशी को 'दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला नाई' के रूप में गिनीज वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड द्वारा प्रमाणित किया गया है।
शित्सुई का सैलून टोक्यो से लगभग तीन घंटे की ड्राइव पर है, जो टोचिगी प्रांत के किनारे पर स्थित है।
फैसला
14 साल की उम्र में शित्सुई ने नाई बनने का किया था फैसला
आश्चर्य की बात ये है कि शित्सुई के सैलून में कैंची जैसी कई पुरानी चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल वह युद्ध-पूर्व काल से करती आ रही हैं।
गिनीज बुक के मुताबिक, शित्सुई का जन्म 10 नवंबर, 1916 को एक किसान परिवार में हुआ था, जब दुनिया प्रथम विश्व युद्ध का सामना कर रही थी।
उन्होंने महज 14 साल की उम्र में नाई बनने का फैसला किया था और इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत भी की।
सैलून
पति के साथ शित्सुई ने खोला था अपना पहला सैलून
साल 1934 में 18 साल की होने के बाद शित्सुई ने नाई की परीक्षा भी पास कर ली और जल्दी वह लोकप्रिय नाई बन गई।
24 साल की होने के बाद शित्सुई ने जीरो नाम के व्यक्ति से विवाह किया और अपने पति के साथ अपना सैलून खोला। इसके बाद दोनों के दो बच्चे हुए।
हालांकि, कुछ समय बाद जीरो को द्वितीय चीन-जापन के युद्ध के लिए सेना में भर्ती किया गया और युद्ध के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
दूसरा सैलून
पति की मृत्यु के बाद शित्सुई ने जारी रखा अपना दूसरा सैलून
पति की मृत्यु के कुछ समय बाद शित्सुई ने 1953 में नाकागावा-माची में रिहात्सु हाकोइशी नाम का सैलून खोला, जहां आज भी वह काम कर रही हैं।
शित्सुई अपना अधिकांश समय एक देखभाल गृह में बिताती हैं और जब भी उनके पास किसी पुराने ग्राहक का बाल कटवाने के लिए फोन आता है तो वह सैलून पहुंच जाती हैं।
गिनीज का खिताब जीतने का सपना शित्सुई की टू-डू लिस्ट में सबसे ऊपर था, जो आखिरकार पूरा हुआ।
अन्य रिकॉर्ड
ब्राजील की नन बनीं दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति
इसी साल की शुरूआत में जापान की रहने वाली टोमिको इटूका का 116 साल की उम्र में निधन हो गया था, जो दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति थीं।
हालांकि, उनके दुनिया को अलविदा कहने के बाद अब ब्राजील की महिला ने यह खिताब अपने नाम कर लिया है। उनका नाम इनाह कैनाबारो लुकास है और उनकी उम्र 116 साल है।
बता दें कि इनाह एक नन हैं, जिन्होनें अपना जीवन यीशु मसीह को समर्पित कर दिया है।