लखनऊ की बच्ची ने बनाया एक कमाल का रिकॉर्ड, एक मिनट में किए 57 योगासन
क्या है खबर?
जिस उम्र में बच्चे रोजमर्रा की जिंदगी के कौशल सीखना शुरू ही करते हैं, उस उम्र में उत्तर प्रदेश की एक बच्ची ने दुनियाभर में अपना नाम रोशन कर लिया है। लखनऊ की रहने वाली आर्ना ओम सिंह ने महज 13 साल की उम्र में एक रिकॉर्ड बना डाला है। इस बच्ची ने एक मिनट के अंदर 57 योगासन करके रिकॉर्ड बनाया और योग व जिमनास्टिक्स की दुनिया में अपनी खास पहचान बना ली।
योग
बच्ची के नाम दर्ज हैं कई रिकॉर्ड
इस होनहार बच्ची को योग से इतना प्रेम है कि इसके जरिए उसने जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 से ज्यादा पदक जीते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह आर्ना का पहला रिकॉर्ड नहीं है।
उसने इससे पहले भी कार्टव्हीलिंग के 2 विश्व रिकॉर्ड कायम किए हैं। 12 सितंबर, 2026 को आर्या ने एक मिनट में 57 योगासन किए, जो किसी किशोर द्वारा एक मिनट में किए गए सर्वाधिक योगासनों का रिकॉर्ड है।
रिकॉर्ड
4 साल की उम्र से कर रही है योग
इस कमाल के प्रयास के जरिए आर्ना ने अपना नाम 'एशिया बुक ऑफ रिकार्ड्स' में दर्ज करवा लिया है। इस बच्ची का जन्म 11 फरवरी, 2013 को हुआ था और वह गोमती नगर स्थित सिटी मोंटेसरी स्कूल (CMS) की छात्रा है।
उसने 4 साल की छोटी-सी उम्र में ही योग करना शुरू कर दिया था, जिससे उसे आराम मिलता था। हालांकि, उसने योग की प्रतियोगिताओं में भाग लेना कोविड-19 के दौरान शुरू किया था।
प्रेरणा
दादा बने आर्ना की प्रेरणा
योग करने की प्रेरणा आर्ना को अपने दादा जी, भरत कुमार सिंह से मिली थी। वे खुद भी रोजाना योग का अभ्यास करते थे, जिन्हें देखकर इस बच्ची ने भी इसे सीखा और जीवन का हिस्सा बना लिया।
धीरे-धीरे यह शौक एक जूनून बन गया और आर्ना ने अलग-अलग जटिल आसन सीखने शुरू कर दिए। योग की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से उसे अपना कौशल बेहतर बनाने में मदद मिली और उसका आत्मविश्वास भी बढ़ा।
दिलचस्पी
2025 में बनाए थे 2 रिकॉर्ड
2025 में 11 साल की उम्र में आर्ना का नाम 2 दफा 'योगासन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स काउंसिल' में दर्ज हुआ था। मार्च 2025 में उसने 60 सेकंड में 45 कार्टव्हील पूरे किए थे।
बाद में उसने 3 मिनट 56 सेकंड में 135 कार्टव्हील किए थे। आर्ना योग के साथ-साथ मार्शल आर्ट्स और जिमनास्टिक्स में भी दिलचस्पी रखती है। इतना ही नहीं, वह कथक और भरतनाट्यम भी सीखती है और उसे लिखने का भी शौक है।