व्यक्ति ने जगलिंग करते हुए 30 किलोमीटर तक की स्केटिंग, बनाया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
अमेरिका के इडाहो के रहने वाले एक कुशल व्यक्ति ने एक कमाल का विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिखाया है। उन्होंने अपने हाथों में 3 गेंद लेकर उन्हें उछालते हुए, यानि जगलिंग करते हुए स्केटिंग करके गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवाया है। व्यक्ति का नाम डेविड रश है, जिन्होनें 19 मील (करीब 30.5 किलोमीटर) तक स्केटिंग करते हुए जगलिंग की और सभी को अपने इस करतब के जरिए हैरत में डाल दिया।
रिकॉर्ड
डेविड रखते हैं जगलिंग का शौक
डेविड जगलिंग करने में माहिर हैं और इसके जरिए पहले भी कई गिनीज विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं। इस बार उन्होंने '3 गेंदों को उछालते हुए रोलर स्केट्स पर तय की गई सबसे लंबी दूरी का विश्व रिकॉर्ड' बनाया है।
उन्होंने यह रिकॉर्ड 18 अक्टूबर, 2026 को बनाया था, जिसे अब मान्यता मिली है। डेविड ने 31,816 मीटर तक स्केटिंग की और 20,000 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
डेविड
डेविड ने पहले भी बनाया था यह रिकॉर्ड
डेविड ने पहले भी इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया था, जब उन्होंने 5,000 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा था। हालांकि, दूरी ज्यादा न होने की वजह से कुछ ही समय में उनका रिकॉर्ड टूट गया था।
इस पर डेविड ने कहा, "इस बार मैं रिकॉर्ड को बस थोड़ा-सा आगे नहीं बढ़ाना चाहता था, मैं इसे इतनी दूर पहुंचा देना चाहता था कि कोई और इसे आसानी से न छू सके और यह लंबे समय तक कायम रहे।"
प्रयास
महीनों की मेहनत के बाद हासिल किया रिकॉर्ड
रिकॉर्ड प्रयास से पहले डेविड ने कड़ी मेहनत की और महीनों तक नियमित अभ्यास किया। उन्होंने बताया, "इनलाइन स्केट्स पर, एक छोटा-सा कंकड़, टहनी, रेत या डंठल वाली सूखी पत्ती भी पहिए को रोक सकती है, जिससे आप लड़खड़ा सकते हैं और गिर सकते हैं।"
इससे बचने के लिए उन्होंने एक अच्छी जगह तलाशने के बाद ही अभ्यास शुरू किया था। उन्होंने बोइस ग्रीनबेल्ट के एक हिस्से को चुना था।
जगह
डेविड ने खुद की रास्ते की सफाई
डेविड ने एक बार पूरी जगह साफ की थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से वह दोबारा गंदी हुई और उन्हें रिकॉर्ड प्रयास रद्द करना पड़ा। प्रयास से एक दिन पहले, रात को और सुबह 2 बार पूरे रास्ते को साफ किया।
उन्होंने 3-चौथाई मील के रास्ते पर स्केट करते हुए जगलिंग की और तब तक प्रयास जारी रखा जब तक गेंद हाथ से गिर नहीं गई। 5,000 मीटर पार करना उन्हें आसान लगा, लेकिन उसके बाद चुनौती बढ़ने लगी।
विवरण
बिना ब्रेक लिए और पानी पिए पूरा किया प्रयास
डेविड ने प्रयास के दौरान एक भी ब्रेक नहीं लिया। इस दौरान उनके पैरों में दर्द महसूस हो रहा था और हजारों बार गेंद फेंकते हुए कंधों भी ढीले हो रहे थे।
31,816 मीटर की दूरी तय करने के बाद एक गेंद उनके हाथों से गिर गई। डेविड के हिसाब से यह उनका सबसे चुनौती भरा रिकॉर्ड था।
इससे पहले वह एक पहिये वाली साइकिल, रोलर बोर्ड और स्विस बॉल पर संतुलन बनाते हुए रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं।