Loading...
अमेरिका: अंतिम संस्कार में ताबूत के अंदर सांस लेती मिली 'मृत' बुजुर्ग महिला, जानिए पूरा मामला
मृत महिला अंतिम संस्कार के दौरान ताबूत में मिली जिंदा

अमेरिका: अंतिम संस्कार में ताबूत के अंदर सांस लेती मिली 'मृत' बुजुर्ग महिला, जानिए पूरा मामला

लेखन गौसिया
Jun 13, 2023
02:12 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ब्रेन स्ट्रोक के बाद एक बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती में कराया गया, लेकिन इलाज के कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान महिला ताबूत के अंदर जिंदा पाई गई। इसके बाद अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है।

मामला

क्या है मामला?

यह मामला बाबाहोयो शहर का है। यहां पिछले हफ्ते 76 वर्षीय बेला मोंटोया नामक बुजुर्ग महिला को स्ट्रोक के कारण एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद मोंटोया को मृत घोषित कर दिया। यहां तक कि उनका मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई।

इसके बाद परिजनों ने एक ताबूत की व्यवस्था की और मोंटोया को उसमें रखकर घर ले गए।

जिंदा

दफनाने से पहले रिश्तेदारों ने महिला को सांस लेते हुए देखा

गत शुक्रवार को जब मोंटोया को दफनाने के लिए कुछ रिश्तेदार उनके कपड़े बदलने की तैयारी कर रहे थे तो उन्होंने मोंटोया को सांस लेते हुए देखा।

इसके बाद मोंटोया को दोबारा उसी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया था।

मोंटोया के बेटे गिल्बर्ट बलबर्न ने मीडिया से कहा, "मैं केवल अपनी मां के स्वास्थ्य में सुधार की प्रार्थना कर रहा हूं क्योंकि मैं चाहता हूं कि वह मेरे साथ रहें।"

ADVERTISEMENT

जांच

स्वास्थ्य मंत्रालय कर रहा मामले की जांच 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इक्वाडोर के स्वास्थ्य मंत्रालय इस मामले की जांच कर रहा है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण मोंटोया को भर्ती कराया गया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं देने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उनकी मौत की पुष्टि की थी। हालांकि, बाद में उनकी सांसें चल रही थी।

फिलहाल मोंटोया ऑक्सीजन पर हैं और स्थानीय प्रशासन की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

ADVERTISEMENT

अन्य मामला

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले अमेरिका के टेक्सास निवासी 16 वर्षीय सैमी बेरको को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था, लेकिन वे 2 घंटे बाद फिर से जिंदा हो गये थे।

दरअसल, जिम में रॉक क्लाइम्बिंग के दौरान सैमी की दिल की धड़कन अचानक रुक गई थी। इसके बाद सैमी को 2 घंटे तक CPR देने के बावजूद उसने कोई हरकत नहीं की।

इस कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, लेकिन इसके कुछ देर बाद वह वापस जिंदा हो गया।

ADVERTISEMENT