LOADING...
अमेरिकी महिला के पास है असली सूअर वाला पिगी बैंक, जानिए कैसे बनाया
महिला के पास है असली सूअर वाला पिगी बैंक

अमेरिकी महिला के पास है असली सूअर वाला पिगी बैंक, जानिए कैसे बनाया

लेखन अंजली
Jun 29, 2023
07:04 pm

क्या है खबर?

आपने पैसे जमा करने के लिए पिगी बैंक जरूर खरीदा होगा। अगर खरीदा नहीं तो देखा जरूर होगा। ये आमतौर पर प्लास्टिक का होता है, लेकिन अमेरिका के एरिजोना राज्य की रहने वाली एक महिला ने असली पिग यानी सूअर से पिगी बैंक बनाया है। 2 बच्चों की मां 38 वर्षीय रेचेल लुईस चमड़े का काम करती हैं और उन्होंने सूअर के मरे हुए बच्चे से एक पिगी बैंक बनाया। आइए आपको इस दिलचस्प मामले के बारे में बताते हैं।

मामला

4 साल पहले तक हेयरड्रेसर थीं लुईस 

4 साल पहले तक लुईस एक हेयरड्रेसर थीं और फिर जानवरों के शरीर को संरक्षित करने की एक कक्षा के दौरान उनमें चमड़े का काम करने का जुनून जागा। लुईस को उनके पति से भी प्रेरणा मिली, जो एक शिकारी हैं। उन्होंने बताया, "वह बाकी शिकारियों के लिए जानवरों की खोपड़ियां भी साफ करते हैं। मैं इसमें उनकी मदद करती थी। इसी दौरान मैंने चमड़े से संबंधित कक्षाएं लेने का फैसला लिया।"

बयान

आसान नहीं था असली सूअर से पिगी बैंक बनाना- लुईस 

लुईस ने कहा कि असली सूअर से पिगी बैंक बनाना आसान नहीं था और इसमें बहुत मेहनत लगी। उन्होंने बताया, "मुझे लगा एक पिगी बैंक बनाना बहुत क्यूट होगा। मैंने ये भी पता लगाया कि इसे कैसे काम लायक बनाया जाए और इसमें पैसों का वजन कहां जाएगा।" लुईस ने आगे बताया, "पारंपरिक फोम की बजाय इसे आधा काट कर अंदर से खोखला किया गया और फिर अंदर का हिस्सा तैयार किया गया।"

कीमत

लुईस ने लगभग 61,500 रुपये में बेचा पिगी बैंक 

लुईस का 'कॉपर स्टेट टैक्सिडर्मी' नाम से चमड़े का खुद का कारोबार है और उन्होंने अंत में असली सूअर से बने इस पिगी बैंक को 750 डॉलर (लगभग 61,500 रुपये) में बेच दिया। उनके सूअर के बच्चे वैसे 350 डॉलर (लगभग 28,700 रुपये) तक बिकते हैं। वो इसे बेचना नहीं चाहती थीं क्योंकि ये उनके दोनों बच्चों को बेहद पंसद आया था और वो इसमें अपने पैसे भी रखते थे। इसके कारण उन्होंने इसकी कीमत भी ऊंची रखी थी।

बयान

इसे सूअरों को दूसरा जीवन देने के समान मानती हैं लुईस 

लुईस को लगता है कि उनके इस काम से इन सुअरों को एक तरह से दूसरा जीवन मिलता है। उन्होंने बताया कि किसान सूअर के मरे हुए बच्चों को जमीन में गाढ़ देते हैं या उन्हें ऐसे ही फेंक देते हैं। उन्होंने आगे बताया कि जिस बच्चे से उन्होंने पिगी बैंक बनाया, वो मरा पैदा हुआ था। सूअरों और बकरियों में ऐसा अक्सर होता है और मांओं के पलटने के कारण ये बच्चे दबकर मर जाते हैं।

करोबार

लुईस करेंगी कारोबार का विस्तार, बनाएंगी और पिगी बैंक 

लुईस ने बताया कि उनके ग्राहकों में ये पिगी बैंक बहुत डिमांड में है। ऐसे में वह असली सूअरों से और पिगी बैंक बनाएंगी। उन्होंने कहा कि उनकी बड़े सूअरों और बकरियों से पिगी बैंक बनाने की योजना भी है। लुईस ने यह भी कहा कि इस बार वो अपने और अपने बच्चों के लिए एक पिगी बैंक बचाकर जरूर रखेंगी। इसके अलावा वो ज्वेलरी बॉक्स और बटुआ आदि बनाकर कारोबार को और फैलाने की कोशिश भी करेंगी।