LOADING...
कनाडा: 58 वर्षीय महिला ने 4 घंटे से ज्यादा की प्लैंक एक्सरसाइज, बनाया विश्व रिकॉर्ड
दादी ने 4 घंटे तक प्लैंक करके बनाया विश्व रिकॉर्ड (तस्वीर: guinnessworldrecords)

कनाडा: 58 वर्षीय महिला ने 4 घंटे से ज्यादा की प्लैंक एक्सरसाइज, बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Mar 28, 2024
03:54 pm

क्या है खबर?

प्लैंक एक मुश्किल एक्सरसाइज है। आमतौर पर लोग 5 से 10 मिनट के बाद इसे नहीं कर पाते हैं, लेकिन कनाडा के अल्बर्टा की रहने वाली एक 58 वर्षीय महिला ने 4 घंटे, 30 मिनट और 11 सेकंड तक बिना रूके प्लैंक करके विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। महिला का नाम डोनाजीन वाइल्ड है, जिन्होंने साल 2019 में डाना ग्लोवाका नामक महिला द्वारा बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

रिकॉर्ड

एक हाई स्कूल में डोनाजीन किया रिकॉर्ड का प्रयास 

डोनाजीन ने रिकॉर्ड का प्रयास उस हाई स्कूल में किया था, जहां की वह वाइस प्रिंसिपल रह चुकी हैं। यह प्रयास गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक निर्णायक टीना शी के सामने किया गया था, जिन्होंने डोनाजीन पर बारीकी से नजर रखी। बता दें कि इस एक्सरसाइज के दौरान शरीर का पूरा भार हाथों और पैरों की उंगलियों पर होता है और पूरा शरीर एक सीध में होना चाहिए। इसलिए इसे मुश्किल प्रयास माना जाता है।

प्रयास

डोनाजीन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा यह प्रयास

डोनाजीन ने सफलतापूर्वक रिकॉर्ड बनाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी कोहनी में काफी दर्द हुआ और उन्हें लगा था कि यह रिकॉर्ड नहीं बन पाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पहले 2 घंटे तो जल्दी बीत गए थे, लेकिन अगले 2 घंटे काफी कठिन साबित हुए। डोनाजीन ने यह भी कहा, "आखिरी का एक घंटा सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैनें अपना ध्यान नहीं भटकने दिया और शरीर को एक्सरसाइज की स्थिति में ही बनाए रखा।"

Advertisement

समस्या

डोनाजीन को पहले से हाथों में दर्द और सुन्नता की है समस्या

डोनाजीन 12 पोते-पोतियों की दादी हैं और वह उन्हें ही अपना प्रेरणास्त्रोत मानती हैं। उनके पति रैंडी ने बताया कि डोनाजीन को काफी लंबे समय से हाथों में दर्द सहित सुन्नता की समस्या थी और यह उनके प्रयास में बाधा बनने की बजाय मददगार साबित हुई क्योंकि इसी वजह से वह दर्द के साथ लंबे समय तक टिकी रहीं। इसके अतिरिक्त डोनाजीन ने भी बताया कि उन्होंने इस प्रयास के लिए काफी मेहनत भी की है।

Advertisement

एक्सरसाइज

हर समय प्लैंक करना पसंद करती हैं डोनाजीन

आमतौर पर डोनाजीन रोजाना 3 घंटे तक प्लैंक करती थीं, लेकिन रिकॉर्ड के प्रयास के लिए उन्होंने एक्सरसाइज का समय बढ़ाकर 6 घंटे कर दिया। डोनाजीन ने 12 साल की उम्र में अपने दिनचर्या में प्लैंक को शामिल किया था, जब एक दुर्घटना के कारण उनकी कलाई में फ्रैक्चर आ गया था। अब वह प्लैंक को अपना अच्छा दोस्त मानती हैं और फिल्में देखने से लेकर पढ़ते समय भी इसका अभ्यास करती हैं।

कैटेगरी

पुरुषों में इस व्यक्ति के नाम है यह रिकॉर्ड

डोनाजीन का कहना है कि एक दशक से अधिक समय तक हर दिन प्लैंक करने के बाद यह विश्व रिकॉर्ड हासिल करना जबरदस्त लगता है। बता दें कि पुरुषों में सबसे लंबे समय प्लैंक करने का विश्व रिकॉर्ड वर्तमान में चेक गणराज्य के रहने वाले जोसेफ सालेक नामक व्यक्ति के नाम है, जिन्होंने 9 घंटे 38 मिनट और 47 सेकंड तक एब्डोमिनल प्लैंक पोजीशन में रहकर सबसे लंबे समय तक प्लैंक करने का रिकॉर्ड कायम किया।

Advertisement