विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल: अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है रविचंद्रन अश्विन का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
पहली बार खेली जा रही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला 18 जून से भारत और न्यूजीलैंड के बीच सॉउथैम्पटन में खेला जाएगा।
WTC में अनुभवी रविचंद्रन अश्विन ने अब तक 67 विकेट लिए हैं और वह भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
वह ऐसा ही जबरदस्त प्रदर्शन WTC के फाइनल में भी करना चाहेंगे।
हम न्यूजीलैंड के खिलाफ अश्विन के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
करियर
बेमिसाल रहा है अश्विन का टेस्ट करियर
अश्विन का टेस्ट करियर बेमिसाल रहा है। उन्होंने अब तक 78 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 24.69 की उम्दा औसत से 409 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 30 बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है।
वह भारत की ओर से टेस्ट में सबसे तेज 100, 200, 300 और 400 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
दूसरी तरफ बल्ले से उन्होंने पांच शतक की बदौलत 2,656 रन बनाए हैं।
आंकड़े
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं अश्विन
अश्विन ने कीवी टीम के खिलाफ छह टेस्ट मैचों में 16.97 की उम्दा औसत से 48 विकेट लिए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ छह, फाइव विकेट हॉल अपने नाम किए हैं।
वह टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
वह इस सूची में बिशन सिंह बेदी (57), ई प्रसन्ना (55) और अनिल कुंबले (50) से पीछे हैं।
जानकारी
न्यूजीलैंड के खिलाफ अश्विन ने किया है बेस्ट प्रदर्शन
टेस्ट क्रिकेट में अश्विन ने गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (13/140) न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था। उन्होंने 2016 में हुए इंदौर टेस्ट में दो पारियों में 6/81 और 7/59 के आंकड़े दर्ज किए और भारत ने न्यूजीलैंड को पारी के अंतर से हराया था।
प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के प्रमुख बल्लेबाजों के खिलाफ अश्विन का प्रदर्शन
अश्विन के आंकड़ों से स्पष्ट है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ गेंदबाजी में सफल हुए हैं।
उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को पांच बार आउट किया है। दूसरी तरफ विलियमसन ने उनके खिलाफ 242 गेंदों में 146 रन बनाए हैं।
विलियमसन के साथी रॉस टेलर भी अश्विन के हाथों पांच बार आउट किया है। दूसरी तरफ टेलर ने उनकी 174 गेंदों में 99 रन बटोरे हैं।
आंकड़े
न्यूजीलैंड के खिलाफ अश्विन के शानदार प्रदर्शन
अश्विन ने न्यूजीलैंड (2012) के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। वह उस सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे और भारत ने सीरीज में 2-0 से कब्जा जमाया था।
अश्विन ने दो टेस्ट मैचों में 13.11 की शानदार औसत से 18 विकेट लिए थे।
वहीं 2016 की सीरीज में अश्विन और भी घातक सिद्ध हुए थे। उन्होंने तीन टेस्ट में 27 विकेट लिए और भारत ने 3-0 से सीरीज जीती थी।