एशिया कप 2026: भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को हराया, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तानी महिला टीम का न्यूनतम स्कोर है। जवाब में भारत ने 9वें ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
भारत ने दर्ज की आसान जीत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों के सामने आउट होते चले गए।
पाकिस्तान से मुनीबा अली (13) और शवाल जुल्फिकार (14) के रूप में सलामी बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं।
18.1 ओवर में सिमटने वाली पाकिस्तानी पारी में गुल फिरोजा, फातिमा सना और नशरा संधू शून्य पर आउट हुई।
जवाब में स्मृति मंधाना (9), प्रतिका रावल (4) और शफाली (12) भी जल्दी आउट हुई।
इसके बाद हरमनप्रीत (18*) और दीप्ति (12*) ने जीत दिलाई।
हरमनप्रीत
150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बनी हरमनप्रीत
हरमनप्रीत 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बनी।
हरमनप्रीत के अलावा सिर्फ चमारी अट्टापट्टू और मेग लैनिंग ही ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है।
क्रिकबज के मुताबिक, अट्टापट्टू ने अब तक 120 टी-20 मैचों में श्रीलंका का नेतृत्व किया है, जबकि लैनिंग ने 100 टी-20 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया की कमान संभाली थी।
इनके बाद हीथर नाईट ने 96 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की है।
श्रीचरणी
श्री चरणी और प्रेमा रावत ने लिए 3-3 विकेट
भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने अपने पहले ही ओवर में गुल फिरोजा (0) और शवाल जुल्फिकार (14) के विकेट लिए।
उन्होंने अपने दूसरे ओवर में आयशा जफर (2) को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने अपने 4 ओवर में 7 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।
युवा लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए 3 ही विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 2 और शफाली वर्मा ने एक विकेट लिया।
शफाली
शफाली ने पूरे किए 3000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
शफाली 12 रन बनाकर आउट हुई और इस बीच उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 3000 रन पूरे किए।
शफाली ने 22 साल और 220 दिन की उम्र में ये आंकड़ा छूआ।
क्रिकबज के मुताबिक, उन्होंने आयरलैंड की गेबी लुईस का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 24 साल और 347 की उम्र में अपने 3,000 रन पूरे किए थे।
UAE की ईशा ओझा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 27 साल और 139 दिन में ये आंकड़ा छूआ था।
सूची
3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन वाली तीसरी भारतीय महिला बल्लेबाज
शफाली अब महिलाओं में 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली 16वीं खिलाड़ी बनी हैं।
भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद उन्होंने ये आंकड़ा पार किया है।
अब तक उन्होंने 114 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 28.08 की औसत और 137.46 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,005 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 81 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 19 अर्धशतक लगाए हैं।
भारत
एशिया कप 2026 में भारत ने दर्ज की अपनी तीसरी जीत
भारत ने एशिया कप 2026 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम ने थाईलैंड और हांगकांग को हराया था।
ग्रुप-A में मौजूद भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में खेलेगी।
दूसरी तरफ पाकिस्तान की यह पहली हार है।
फतिमा सना की कप्तानी वाली इस टीम ने एक जीत दर्ज की है। अब पाकिस्तान को 7 सितंबर को हांगकांग से खेलना है।
अपने आखिरी ग्रुप मैच को जीतकर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।