Page Loader
IPL में विराट कोहली को सर्वाधिक बार आउट करने वाले स्पिनर हैं सुनील नरेन, जानिए आंकड़े
विराट कोहली को सर्वाधिक बार आउट करने वाले स्पिनर हैं सुनील नरेन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में विराट कोहली को सर्वाधिक बार आउट करने वाले स्पिनर हैं सुनील नरेन, जानिए आंकड़े

May 16, 2025
03:05 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 58वें मुकाबले में शनिवार (17 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टक्कर होगी। इस मैच में RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और KKR के दिग्गज ऑलराउंडर सुनील नरेन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी, क्योंकि IPL में नरेन का कोहली पर खासा दबदबा रहा है। यह मुकाबला RCB के घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए दोनों खिलाड़ियों के परस्पर आंकड़े जानते हैं।

सर्वाधिक

IPL में कोहली को सर्वाधिक बार आउट करने वाले स्पिनर हैं नरेन

कोहली ने IPL इतिहास में नरेन का 17 बार सामना किया है, जिसमें रहस्यमयी स्पिनर ने 4 बार उन्हें अपना शिकार बनाते हुए पवेलियन की राह दिखाई है। कोहली ने नरेन के खिलाफ कुल 136 रन बनाए हैं, लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट केवल 105.42 की ही रही है। इसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल हैं। बड़ी बात यह है कि IPL में किसी भी स्पिनर ने कोहली को 4 या उससे अधिक बार आउट नहीं किया है।

मैदान

चिन्नास्वामी स्टेडियम पर शानदार रहे हैं कोहली के आंकड़े

कोहली ने RCB के घरेलू मैदान यानी चिन्नास्वामी स्टेडियम पर 40.02 की औसत से 3,202 IPL रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 143.58 की रही है। इस मैदान पर उन्होंने KKR के खिलाफ 12 पारियों में 48.55 की औसत से 437 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक भी शामिल हैं। नरेन यहां 6 IPL मुकाबलों में कोहली को आउट नहीं कर पाए हैं। उन्होंने 47 गेंदों पर 61 रन लुटाए हैं।

प्रदर्शन

चिन्नास्वामी स्टेडियम पर कैसा रहा है नरेन का प्रदर्शन?

चिन्नास्वामी स्टेडियम के छोटे आकार के कारण कई स्पिनरों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। नरेन भी उनमें शामिल हैं, जिन्होंने 10 मैचों में 8.17 की इकॉनमी से सिर्फ 5 विकेट हासिल किए हैं। कुल मिलाकर, उन्होंने RCB के खिलाफ 22 IPL मैचों में 6.69 की शानदार इकॉनमी से 27 विकेट लिए हैं। इस बीच, KKR के खिलाफ कोहली का रिकॉर्ड 35 मैचों में 40.84 की औसत से 1,021 रन है। इसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।