
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट के इन कैलेंडर वर्षों में दिखाया अपना दबदबा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से तुरंत प्रभाव से संन्यास ले लिया।
कोहली भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन इस प्रारूप में गिरावट पर था।
उनका स्वर्णिम दौर 2016 से 2019 के बीच रहा, जब उन्होंने जमकर रन बनाए। आइए नजर डालते हैं उन खास वर्षों पर जब कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में बल्ले से धमाल मचाया।
#1
1,215 रन, साल- 2016
कोहली के नाम 2016 की शुरुआत में एक भी दोहरा शतक नहीं था, लेकिन उसी साल उन्होंने 3 बार 200 रन का आंकड़ा पार किया।
उनके बल्ले से ये दोहरे शतक वेस्टइंडीज (बाहर), न्यूजीलैंड (घर) और इंग्लैंड (घर) के खिलाफ लगातार 3 सीरीज में निकले।
कोहली ने 2016 में 12 टेस्ट में 75.93 की उम्दा औसत से कुल 1,215 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 4 शतक (संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा) और 2 अर्धशतक भी जड़े थे।
#2
1,059 रन, साल- 2017
साल 2017 में कोहली ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह लगातार 2 कैलेंडर वर्षों में 3 दोहरे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने।
उस साल उन्होंने पहला दोहरा शतक बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ लगया। बाकी दो दोहरे शतक श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ लगातार मैचों में लगाए।
कोहली ने 2017 में 10 टेस्ट में 75.64 की औसत से कुल 1,059 रन बनाए थे। इस दौरान उनके 6 में से 5 अर्धशतक शतक में बदले।
#3
1,322 रन- 2018
2018 कोहली के टेस्ट करियर का सबसे शानदार साल रहा। उस साल उन्होंने 13 टेस्ट में 55.08 की औसत से सबसे ज्यादा 1,322 रन बनाए।
इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 5 अर्धशतक निकले, जिसमें 153 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा।
भारत ने उस साल दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कोहली ने अकेले 593 रन बनाए थे। उनके बल्ले से उस दौरे पर उनकी औसत 59.30 की थी।
#4
612 रन- 2019
साल 2019 में कोहली ने आखिरी बार दोहरा शतक जड़ा था। पुणे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 254* रन बनाए थे।
यह उनका सर्वोच्च स्कोर भी है।
उस साल कोहली का दूसरा टेस्ट शतक भारत के पहले डे-नाइट टेस्ट में आया था। वह मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में खेला गया था।
कोहली ने 2019 में सिर्फ 8 टेस्ट खेले थे और 68 की औसत से 612 रन बनाए (2 शतक, 2 अर्धशतक) थे।