
IPL 2025: विराट कोहली RCB के लिए 300 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बनें, जड़ा अर्धशतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 52वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय (62) पारी खेली।
यह उनके IPL करियर का 62वां और इस संस्करण का 7वां अर्धशतक रहा।
अपनी पारी का पहला छक्का लगाते ही कोहली के RCB के लिए 300 छक्के पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।
आइए कोहली के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही कोहली की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB को कोहली और जेकब बेथेल (55) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 गेंदों में 97 रन जोड़े। इसी स्कोर पर बेथेल आउट हो गए।
इसके बाद कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी निभाई और अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
कोहली अपनी पारी में 33 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।
जानकारी
IPL 2025 में कैसा रहा है कोहली का प्रदर्शन?
IPL 2025 में कोहली का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 11 पारियों में 63.13 की औसत और 143.46 की स्ट्राइक रेट से 505 रन बना लिए हैं। इसमें 7 अर्धशतक शामिल है। इस समय उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा कर रखा है।
रिकॉर्ड
RCB के लिए कोहली के नाम दर्ज है सर्वाधिक छक्के
RCB के लिए सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड कोहली के नाम ही दर्ज है। उन्होंने RCB के लिए कुल 304 छक्के जड़े हैं, जिसमें IPL में 290 और चैंपियंस लीग टी-20 (CLT20) में 14 छक्के हैं।
इस सूची में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने RCB के लिए 263 छक्के जड़े हैं। इनमें IPL में 239 और CLT20 में 24 छक्के हैं।
एबी डिविलियर्स तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 248 छक्के जड़े हैं।
जानकारी
कोहली ने यह रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
कोहली अब क्रिकेट इतिहास में एक टीम के लिए 300 छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अन्य कोई बल्लेबाज 280 छक्के भी नहीं जड़ पाया है। कोहली ने यह रिकॉर्ड IPL में पिछले 18 सालों से RCB के लिए खेलते हुए बनाया है।
करियर
कैसा रहा है कोहली का IPL करियर?
RCB के दिग्गज कोहली IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह इस लीग में निरंतर रन बनाते हैं।
वह अब तक 263 मैचों की 255 पारियों में 39.58 की औसत और 132.60 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,509 रन बना चुके हैं। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 7,000 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका है।
उन्होंने 113* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ सर्वाधिक 8 शतक और 61 अर्धशतक लगाए हैं।