Page Loader
IPL: लखनऊ और अहमदाबाद होंगी नई टीमें, CVC कैपिटल और RPSG ग्रुप ने हासिल किए अधिकार
IPL ट्रॉफी

IPL: लखनऊ और अहमदाबाद होंगी नई टीमें, CVC कैपिटल और RPSG ग्रुप ने हासिल किए अधिकार

लेखन Neeraj Pandey
Oct 25, 2021
07:38 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन के लिए दो नई फ्रेंचाइजियों का ऐलान कर दिया है। दो नई फ्रेंचाइजियां खरीदने के लिए बोर्ड ने बेस प्राइस 2,000 करोड़ रुपये रखा था। CVC कैपिटल पार्टनर्स और संजीव गोयंका की RPSG ग्रुप ने इन दो नई टीमों को खरीदने में सफलता हासिल की है। गोयंका की टीम लखनऊ से तो वहीं CVC की टीम अहमदाबाद से होगी।

कीमत

दो टीमों के लिए BCCI को मिले 12 हजार करोड़ से अधिक रूपये

सोमवार को कुल 10 पार्टियों ने बोली लगाने में हिस्सा लिया था। गोयंका की RPSG ग्रुप IPL टीम हासिल करने के लिए बेताब थी और उन्होंने 7,090 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी बोली लगाते हुए लखनऊ की टीम हासिल की है। दूसरी ओर CVC कैपिटल ने 5,166 करोड़ रुपये में अहमदाबाद की टीम हासिल की है। अडानी ग्रुप ने भी 5,000 करोड़ रूपये के करीब की बोली लगाई थी।

टीमें

2011 के बाद पहली बार IPL में खेलेंगी 10 टीमें

2011 के बाद यह पहला मौका होगा जब IPL में 10 टीमें खेलती नजर आएंगी। लीग में चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें पहले से ही खेल रही हैं। अब दो नई फ्रेंचाइजियां भी लीग का हिस्सा बन चुकी हैं। एक टीम लखनऊ से तो वहीं दूसरी अहमदाबाद से खेलती दिखेगी।

रिटेन

रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी फ्रेंचाइजियां

हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजियों को अधिकतम तीन भारतीयों और अधिकतम दो विदेशियों के साथ कुल चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी जा सकती है। यदि कोई फ्रैंचाइजी चार खिलाड़ियों को रिटेन करने का विकल्प चुनती है, तो उसे अपने पर्स का लगभग 40-45 प्रतिशत खर्च करना होगा, जो कि किसी भी खिलाड़ी को रिटेन करने का विकल्प नहीं चुनने वाली फ्रैंचाइजी से 36-40 करोड़ रुपये कम है।

टीमों की संख्या

पहले भी लीग में खेल चुकी हैं 10 और नौ टीमें

2008 में IPL की शुरुआत आठ टीमों वाली लीग के रूप में हुई थी। 2011 में दो नई टीमों ने लीग में हिस्सा लिया और उस सीजन कुल 10 टीमें खेली थीं। इसके बाद अगले दो सीजन में टीमों की संख्या घटकर नौ हो गई। 2014 से ही IPL में आठ टीमें ही हिस्सा ले रही हैं। कोच्चि टस्कर्स केरला की टीम एक ही सीजन खेल सकी थी जिसके बाद उन्हें टर्मिनेट कर दिया गया था।