Page Loader
विराट कोहली से लेकर सचिन तेंदुलकर तक, ये भारतीय दिग्गज लॉर्ड्स में नहीं लगा पाए शतक 
विराट कोहली के बल्ले से लॉर्ड्स में शतक नहीं निकला है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

विराट कोहली से लेकर सचिन तेंदुलकर तक, ये भारतीय दिग्गज लॉर्ड्स में नहीं लगा पाए शतक 

Jul 09, 2025
08:41 pm

क्या है खबर?

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शतक लगाना हर बल्लेबाज का सपना होता है, लेकिन कुछ बड़े भारतीय नाम ऐसे भी हैं जो यहां कभी 3 अंकों तक नहीं पहुंच पाए। क्रिकेट के इस ऐतिहासिक मैदान पर कई मौकों पर उनका बल्ला जरूर चला, लेकिन शतक की दहलीज पार नहीं हो सकी। भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के मैदान पर कई टेस्ट मैच खेले गए हैं। आइए उन दिग्गजों पर एक नजर डाल लेते हैं, जो यहां शतक नहीं लगा सके।

#1

सचिन तेंदुलकर 

भारतीय टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड इस मैदान पर बेहद खराब रहा है। उन्होंने यहां अपना पहला टेस्ट मुकाबला साल 1990 में खेला था। आखिरी बार वह 2011 में इस मैदान पर कोई टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 5 मुकाबलों की 9 पारियों में सिर्फ 21.66 की औसत से यहां 195 रन बनाए थे। उनका इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर केवल 37 रन था।

#2

विराट कोहली 

भारतीय टीम के एक और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस मैदान पर एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने इस मैदान पर अपना पहला मुकाबला 2014 में खेला था। आखिरी बार वह यहां 2021 में खेलते हुए नजर आए थे। इस पूर्व कप्तान ने 3 टेस्ट की 6 पारियों में सिर्फ 21.16 की औसत से 127 रन बनाए थे। उनके बल्ले से अर्धशतक भी नहीं निकल पाया था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर केवल 42 रन था।

#3

सुनील गावस्कर 

भारत के एक और पूर्व महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर के बल्ले से भी इस मैदान पर एक भी शतक नहीं निकला है। उन्होंने यहां अपना पहला मुकाबला साल 1971 में खेला था। आखिरी बार वह 1986 में इस मैदान पर खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने लॉर्ड्स में 5 मैचों की 10 पारियों में 34 की औसत से सिर्फ 340 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 59 रन रहा था।

#4

वीवीएस लक्ष्मण और महेंद्र सिंह धोनी 

भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे वीवीएस लक्ष्मण भी इस मैदान पर एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने यहां साल 2002 में पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2011 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 6 पारियों में 47.40 की औसत से 237 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74 रन था। महेंद्र सिंह धोनी ने भी यहां 3 टेस्ट खेले, लेकिन शतक नहीं लगा पाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 76 रन था।