Page Loader
टोक्यो ओलंपिक: भारत के लिए निराशाजनक रहा आज का दिन

टोक्यो ओलंपिक: भारत के लिए निराशाजनक रहा आज का दिन

Aug 03, 2021
05:52 pm

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक में आज भारत के लिए बेहद निराशाजनक रहा है। आज हुए सभी मुकाबलों में भारतीय टीम और एथलीटों हार झेलनी पड़ी है। 03 अगस्त को एथलेटिक्स, हॉकी और कुश्ती में ही भारतीय एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुछ खिलाड़ियों का मौजूदा ओलंपिक में सफर भी थम गया है। आइए जानते हैं कैसा रहा भारत के लिए आज का दिन।

हॉकी

सेमीफाइनल में हारा भारत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को सेमीफाइनल में हार मिली है। सेमीफाइनल मुकाबले में बेल्जियम ने भारत को 5-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 49 सालों के लम्बे अंतराल के बाद सेमीफाइनल में खेलने वाली भारतीय टीम स्वर्ण पदक की दौड़ से बाहर हो गई है। भारत की ओर से हरमनप्रीत और मनदीप सिंह ने गोल किए। हालांकि, भारत के पास अभी भी कांस्य पदक जीतने का मौका है।

भाला फेंक

अन्नू रानी ने किया निराश

भारत की भाला फेंक महिला खिलाड़ी अन्नू रानी ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उन्होंने 54.04 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, जो कि फाइनल में जगह बनाने के लिए नाकाफी था। वह अपने ग्रुप में अंतिम 14वें स्थान पर रही थी। वहीं अन्नू ने अपने पहले प्रयास में 50.35 मीटर का भाला फेंका था। इसके अलावा उन्होंने अपनी दूसरे प्रयास में थोड़ा और सुधार करके 53.19 मीटर भाला फेंका।

कुश्ती

अपने पहले मैच में हारी सोनम मलिक

महिलाओं की कुश्ती में 62 किग्रा वर्ग में भारत की सोनम मलिक पहले ही मैच में हारकर बाहर हो गईं। सोनम को मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू ने 2-2 से हराया। मैच खत्म होने के बाद स्कोर बराबरी पर था, लेकिन बोलोरतुया को ज्यादा अंक वाला दांव लगाने की वजह से विजेता घोषित किया गया। अगले राउंड में बोलोरतुया भी हार गई हैं और इसी वजह से सोनम के रेपचेज राउंड में क्वालीफाई करने का मौका भी चला गया।

गोला फेंक

तजिंदर पाल सिंह तूर नहीं कर सके कमाल

भारत के गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदर पाल सिंह तूर भी फाइनल में अपनी जगह नहीं बना सके हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में उन्होंने 19.99 मीटर का थ्रो फेंका और वह अपने ग्रुप-A में 13वें स्थान पर रहे थे। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तजिंदर ने अपने पहला थ्रो सही फेंका जबकि अगले दो थ्रो उन्होंने अवैध फेंके। वह गोला फेंक में भारत के इकलौते खिलाड़ी थे। उनकी हार के साथ गोला फेंक में भारत की चुनौती समाप्त हुई।