IPL में RCB के इन बल्लेबाजों ने एक ओवर में 5 चौके लगाए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 42वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ हार मिली। इस मुकाबले में RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच कोहली ने एक ओवर में लगातार 5 चौके भी लगाए। वह एक ओवर में 5 चौके जड़ने वाले RCB के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
क्रिस गेल (RCB बनाम PWI, 2013)
IPL 2013 के 31वें मैच में RCB के क्रिस गेल ने पुणे वारियर्स (PWI) के खिलाफ 66 गेंदों में 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी इस बड़ी शतकीय पारी के दौरान गेल ने ईश्वर पांडे के ओवर में 5 चौके भी लगाए थे। पांडे ने उस मुकाबले में सिर्फ 2 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें उन्होंने 33 रन खर्च किए थे। आखिरकार RCB ने 130 रन से वो मैच अपने नाम किया था।
#2
शेन वॉटसन (RCB बनाम RPS, 2016)
IPL 2016 के 35वें मैच में शेन वॉटसन ने पुणे सुपरजायंट्स (RPS) के खिलाफ 13 गेंदों में 36 रन की पारी खेली थी। इस बीच वॉटसन ने तिषारा परेरा के एक ओवर में 5 चौके लगाए थे। उस मैच में RPS ने पहले खेलते हुए 191/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB ने 3 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल किया था। RCB से कोहली ने शतक (108) लगाया था।
#3
विराट कोहली (RCB बनाम GT, 2026)
IPL 2026 के 42वें मैच में कोहली ने कगिसो रबाडा के ओवर में 21 रन बनाए। ये मैच का दूसरा ही ओवर था जहां उनके बल्ले से लगातार 5 चौके निकले। आखिरी गेंद पर कोहली ने एक रन लिया। इस शानदार शुरुआत के बावजूद ये खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया और 28 रन पर आउट हो गया। उन्होंने एक छक्का भी लगाया और उनकी स्ट्राइक रेट 215.38 की रही। उन्हें रबाडा ने ही आउट किया।