Page Loader
25 साल की टेनिस स्टार एश्ले बार्टी ने संन्यास लेकर चौंकाया, जनवरी में जीता था ग्रैंड-स्लैम
बार्टी ने संन्यास लेकर चौंकाया (तस्वीर- Twitter/@ashbarty)

25 साल की टेनिस स्टार एश्ले बार्टी ने संन्यास लेकर चौंकाया, जनवरी में जीता था ग्रैंड-स्लैम

Mar 23, 2022
12:48 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया की टेनिस स्टार एश्ले बार्टी ने महज 25 साल की उम्र में ही प्रोफेशनल टेनिस से संन्यास की घोषणा कर दी है। बार्टी का यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है कि उन्होंने इसी साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। उन्होंने शीर्ष रैंकिंग में रहते हुए टेनिस को अलविदा कहा है। बता दें बार्टी ने अपना टेनिस करियर तीन ग्रेंड स्लैम के साथ खत्म किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

संन्यास के संदेश में क्या बोली बार्टी?

बार्टी ने कहा कि वह अब करीब एक साल से संन्यास लेने पर विचार कर रही थीं और ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद उन्होंने फैसला किया है। उन्होंने अपने संन्यास के संदेश में इंस्टाग्राम पर कहा, 'मैं टेनिस के लिए आभारी हूं, जिसने मुझे मेरे सारे सपने दिए हैं और साथ ही बहुत कुछ दिया है। लेकिन मुझे पता है कि अब समय आ गया है कि मैं अन्य सपनों का पीछा करूं और रैकेट नीचे रख दूं।'

ग्रैंड स्लैम

फ्रेंच ओपन के रूप में जीता था पहला ग्रैंड स्लैम

साल 2019 में फ्रेंच ओपन के साथ बार्टी ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके बाद बार्टी ने विंबलडन 2021 के महिला एकल के फाइनल में चेक रिपब्लिक की कैरोलिना प्लिसकोवा को 6-3, 6-7(4), 6-3 से हराते हुए खिताब अपने नाम किया था। विश्व की नंबर एक महिला एकल टेनिस खिलाड़ी रहते बार्टी ने 2022 ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था। उन्होंने फाइनल में डैनिले कॉलिंस को 6-3, 7-6 से सीधे सेटों में मात दी थी।

उपलब्धि

ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर हासिल की थी ये उपलब्धि

1978 के बाद वह ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाली पहली घरेलू महिला खिलाड़ी बनी हैं। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जाने वाली 42 साल के बाद पहली घरेलू महिला खिलाड़ी बनी थीं। बार्टी से पहले 1980 में वेंडी टर्नबुल ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल हार गई थीं। क्रिस ओ नील के बाद बार्टी घरेलू चैंपियन बनने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं।

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

प्रोफेशनल क्रिकेटर भी रह चुकी हैं बार्टी

बार्टी ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (WBBL) में खेल चुकी हैं। हालांकि, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट नहीं खेल सकी। उन्होंने 2014 में अपने टेनिस करियर से ब्रेक लिया था और एक साल बाद वह ब्रिस्बेन हीट के लिए WBBL में खेली। हालांकि, उन्होंने 2016 में टेनिस में वापसी की थी। बता दें बार्टी ने WBBL 2015 में नौ मैचों में 39 के सर्वोच्च स्कोर के साथ सिर्फ 68 रन बनाए।

जानकारी

शीर्ष पर रहते हुए संन्यास लेने वाली दुनिया की दूसरी महिला खिलाड़ी बनी बार्टी

बार्टी WTA रैंकिंग में शीर्ष पर रहते हुए संन्यास लेने वाली दुनिया की दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। बता दें जस्टिन हेनिन ने विश्व नंबर एक रहते हुए 2008 में संन्यास लिया था। हालांकि, हेनिन दो साल बाद टेनिस में वापस लौट आई थी।