वेस्टइंडीज ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में 10 साल के बाद इंग्लैंड को हराया
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 15वें मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 30 रन से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज ने शेरफेन रदरफोर्ड के अर्धशतक (76) की मदद से पहले बल्लेबाजी करते हुए 196/6 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लिश टीम 19 ओवर खेलने के बाद सभी विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
वेस्टइंडीज को ब्रेंडन किंग (1) और कप्तान शाई होप (0) के रूप में शुरुआती झटके लगे। खराब शुरुआत के बाद शिमरोन हेटमायर (23), रोस्टन चेज (34), रदरफोर्ड और जेसन होल्डर (33) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में फिल सॉल्ट (30) और जोस बटलर (21) की तेज शुरुआत के बाद जैकब बेथल (33) ने उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद सैम कर्रन (43*) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
रदरफोर्ड
रदरफोर्ड ने लगाया अर्धशतक, बने प्लेयर ऑफ द मैच
वेस्टइंडीज ने जब 55 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब रदरफोर्ड क्रीज पर आए। उन्होंने पारी का 12वां ओवर करने आए विल जैक्स के खिलाफ लगातार 2 छक्के लगाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आक्रामक पारी में खेलते हुए 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 42 गेंदों में 2 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
400 टी-20 विकेट वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बने आदिल राशिद
आदिल राशिद ने 2 विकेट लिए और इस बीच क्रिस जॉर्डन के बाद 400 टी-20 विकेट वाले इंग्लैंड के दूसरे गेंदबाज बने। बता दें कि जॉर्डन ने 431 टी-20 मैचों में 27.26 की औसत से 446 विकेट लिए हैं। राशिद ने अपने 358वें मैच (342 पारी) में 400 विकेट का आंकड़ा छूआ। टी-20 क्रिकेट में राशिद 400 विकेट लेने वाले विश्व के 13वें गेंदबाज बने। बता दे कि टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट राशिद खान (699) ने लिए हैं।
ब्रूक
हैरी ब्रूक ने अपने 4,000 टी-20 रन पूरे किए
लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्रूक उम्दा पारी खेलने में नाकाम रहे और 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाया। इस बीच ब्रूक ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 4,000 रन पूरे किए। क्रिकइंफो के अनुसार, ब्रूक ने 171 मैचों (158 पारी) में लगभग 34 की औसत से 4,000 रन पूरे किए हैं। इस प्रारूप में 3 शतकों के अलावा, उनके नाम 17 अर्धशतक भी हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही वेस्टइंडीज की गेंदबाजी
वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती सबसे सफल गेंदबाज रहे। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 33 रन देते हुए 3 विकेट लिए। रोस्टन चेज ने अपने 4 ओवर में 29 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। अकील होसेन ने अपने 4 ओवर में 32 रन देते हुए 1 विकेट चटकाया। शमर जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किए।
अंक तालिका
वेस्टइंडीज ने दर्ज की अपने दूसरी जीत
ग्रुप-C में मौजूद वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस ग्रुप में कैरेबियाई टीम फिलहाल शीर्ष पायदान पर मौजूद है। इंग्लैंड की टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 1 जीत और 1 हार मिली है। ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम फिलहाल तीसरे पायदान पर है। स्कॉटलैंड की टीम दूसरे पायदान पर मौजूद है। स्कॉटिश टीम ने भी 1 मैच जीता हुआ है।
जानकारी
वेस्टइंडीज ने 10 साल बाद टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड को हराया
वेस्टइंडीज ने एक दशक के बाद टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड को हराने में सफलता हासिल की है। इससे पहले 2016 के टी-20 विश्व कप के फाइनल में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराया था।