सूर्यकुमार यादव फिर बनेंगे मुंबई क्रिकेट टीम के कप्तान, मुश्ताक अली ट्रॉफी में संभालेंगे जिम्मेदारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव एक बार फिर से मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार आगामी सीजन में वनडे और टी-20 प्रारूप में मुंबई की टीम की कमान संभालेंगे। बता दें कि सूर्यकुमार को इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी में मुंबई की टीम में नहीं चुना गया था। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बाद से पेशेवर क्रिकेट में नहीं खेले हैं।
रिपोर्ट
सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के चलते सूर्यकुमार को मिलेगी कप्तानी
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए सूर्यकुमार को टीम का कप्तान बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।
खबरों के अनुसार, टीम में कई सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण सूर्या को कप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है।
टी-20 प्रारूप में होने वाली मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 9 नवंबर को मुंबई की टीम की घोषणा होने की उम्मीद है।
मुंबई
मुंबई के लिए उपलब्ध नहीं हैं ये बड़े खिलाड़ी
मुंबई क्रिकेट टीम के लिए श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नाम टीम में उपलब्ध नहीं हैं।
अय्यर और जायसवाल इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर मौजूद हैं।
वहीं शार्दुल ठाकुर और आयुष म्हात्रे रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैचों में चोटिल हो गए हैं।
ऐसे में सूर्यकुमार एक बार फिर जिम्मेदारी संभालते दिख सकते हैं।
बता दें कि मुंबई की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 14 नवंबर को हैदराबाद से भिड़ेगी।
इतिहास
पहले भी मुंबई की कप्तानी कर चुके हैं सूर्यकुमार
हाल ही में सूर्यकुमार MCA प्रेसिडेंट्स कप में MIG क्रिकेट क्लब की कप्तानी करते नजर आए थे।
सूर्यकुमार पहले भी मुंबई का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम का नेतृत्व किया है।
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक, सूर्यकुमार मुंबई के लिए आखिरी बार विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में पंजाब के खिलाफ खेले थे, जिसमें वह 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए थे।
कप्तानी
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने जीता था टी-20 विश्व कप
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने कोई भी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज नहीं गंवाई और एशिया कप का खिताब भी जीता था।
इसी साल भारत ने उनकी कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 जीतकर इतिहास रचा था। हालांकि, पिछले एक साल में उनकी बल्लेबाजी काफी सामान्य रही थी।
साल 2025 में उन्होंने 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में महज 13.62 की औसत से केवल 218 रन बनाए थे।
इसके चलते उन्हें कप्तानी से हटाकर टीम से भी बाहर कर दिया।