Page Loader
IPL 2023: SRH ने PBKS को हराकर दर्ज की अपनी पहली जीत, बने ये रिकॉर्ड्स 
शिखर धवन ने बनाए नाबाद 99 रन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: SRH ने PBKS को हराकर दर्ज की अपनी पहली जीत, बने ये रिकॉर्ड्स 

Apr 09, 2023
11:23 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 14वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 8 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की है। राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मैच में PBKS ने पहले खेलते हुए 143/9 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH से राहुल त्रिपाठी ने अर्धशतक (74*) लगाया और टीम को 18वें ओवर में जीत दिला दी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

PBKS ने पॉवरप्ले के बाद 41 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए। इसके बाद के विकेटों के आउट होने का क्रम निरंतर जारी रहा। हालांकि, कप्तान धवन ने बेहतरीन पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। SRH से मयंक मारकंडे ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। मुश्किल घड़ी में त्रिपाठी ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर जीत दिला दी।

मारकंडे 

मारकंडे ने किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

लेग स्पिनर मयंक मारकंडे ने आज अपने 4 ओवरों में 15 रन देते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने सैम कर्रन, शाहरुख खान, नाथन एलिस और राहुल चाहर के विकेट चटकाए। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है। मारकंडे ने अपने IPL करियर में अब तक 21 मैच खेले हैं। उन्होंने 25.00 की गेंदबाजी औसत और 8.20 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी करते हुए अब तक 21 विकेट लिए हैं।

धवन 

धवन ने खेली 99 रन की नाबाद पारी, चुने गए 'प्लेयर ऑफ द मैच'  

सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए धवन ने शुरुआत में आराम से बल्लेबाजी की। हालांकि, दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आई। 89 रन पर 9 विकेट गिरने के बाद धवन ने आक्रमक खेल दिखाया। उन्होंने 66 गेंद में नाबाद 99 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर रही। इस पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

जानकारी

धवन IPL में 99 पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बने 

धवन IPL में 99 के स्कोर पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सुरेश रैना (बनाम SRH, 2013), क्रिस गेल (बनाम RCB, 2019) और मयंक अग्रवाल (बनाम DC, 2021) ये कर चुके हैं।

त्रिपाठी 

राहुल त्रिपाठी ने लगाया अर्धशतक 

नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए आए त्रिपाठी ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की। हालांकि, नजरें जमने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का 11वां अर्धशतक रहा। इस बीच उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम के साथ शतकीय साझेदारी की। यह SRH की ओर से पांचवीं बड़ी साझेदारी रही। त्रिपाठी ने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए और मार्करम ने 21 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए।

अंक तालिका 

अंक तालिका में ऐसी है टीमों स्थिति 

SRH की यह 3 मैचों के बाद पहली जीत है। वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अपनी पहली शिकस्त झेलने वाली PBKS अब छठे स्थान पर बनी हुई है। राजस्थान रॉयल्स 3 में से 2 जीत के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। उनके बाद KKR दूसरे स्थान पर मौजूद है। बता दें KKR ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को हराया था। लखनऊ सुपर जायंट्स तीसरे स्थान पर है।