Page Loader
SRH बनाम PBKS: धवन IPL में 99 पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े 
शिखर धवन अपने तीसरे IPL शतक से चूक गए (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

SRH बनाम PBKS: धवन IPL में 99 पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े 

Apr 09, 2023
09:51 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 14वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के शिखर धवन ने सनाइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 43 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 51वीं बार 50+ का स्कोर बनाया। वह ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। डेविड वार्नर ने 60 बार 50+ का स्कोर बनाया है। विराट कोहली ने 50 बार 50+ का स्कोर बनाया है। पंजाब के लिए कप्तान के रूप में धवन का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है।

रिपोर्ट

कैसी रही धवन की पारी? 

सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए धवन ने शुरुआत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी नहीं की और आराम से खेलते नजर आए। हालांकि, दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आई। 89 रन पर 9 विकेट गिरने के बाद धवन ने आक्रमक खेल दिखाया। उन्होंने 66 गेंद का सामना किया और नाबाद 99 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर रही।

उपलब्धि

भारत की ओर से IPL में सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज 

अगर पारियों की बात करें तो धवन ने 207 पारियों में 51 बार 50+ का स्कोर बनाया है, वहीं कोहली ने 50 बार 50+ का स्कोर बनाने के लिए 216 पारियां खेली हैं। इन दोनों के अलावा रोहित शर्मा ने 41 बार IPL में 50+ का स्कोर बनाया है। सुरेश रैना ने 40 बार IPL में 50+ का स्कोर बनाया है, वहीं गौतम गंभीर ने 36 बार 50+ का स्कोर बनाया है।

जानकारी

धवन IPL में 99 पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज

धवन लीग में 99 के स्कोर पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले तीन बल्लेबाज ये कारनामा कर पाए हैं। रैना (बनाम SRH, 2013), क्रिस गेल (बनाम RCB, 2019) और मयंक अग्रवाल (बनाम DC, 2021) ये कर चुके हैं।

फॉर्म

बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं धवन 

धवन इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए पहले मैच में 29 गेंद में 40 रन की पारी खेली थी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 56 गेंद में नाबाद 86 रन की पारी खेली थी। आज हैदराबाद के खिलाफ भी अपनी फाॅर्म को जारी रखते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा और नाबाद 99 रन की अहम पारी खेली।

रिपोर्ट

कैसा रहा है धवन का IPL करियर? 

धवन IPL के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 209 मैच खेले हैं और 35.93 की औसत 6,468 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 127 की रही है। उन्होंने अपने IPL करियर में 49 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 106 रन रहा है। धवन ने IPL में 5,000 से ज्यादा गेंदों का सामना किया है। उन्होंने अपना पहला IPL मुकाबला राजस्थान के खिलाफ 19 अप्रैल, 2008 को खेला था।