Page Loader
दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत: तिलक वर्मा ने लगातार दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया शतक
तिलक वर्मा ने लगातार दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत: तिलक वर्मा ने लगातार दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया शतक

Nov 15, 2024
10:56 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के चौथे और आखिरी टी-20 सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम के तिलक वर्मा ने जोरदार शतक लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में लगातार दूसरा शतक रहा। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 2 शतक जड़ने वाले भारत के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इससे पहले सेंचुरियन के मैदान पर नाबाद 107 रन बनाए थे। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही तिलक की पारी 

भारतीय टीम ने जब 73 के स्कोर पर पहला विकेट खोया, तब तिलक क्रीज पर आए। उन्होंने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को अपनी पारी के दौरान 2 जीवनदान भी मिले, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। आखिर तक बल्लेबाजी करते हुए वह 47 गेंदों में 120 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 10 छक्के लगाए।

सूची 

इस विशेष सूची में शामिल हुए तिलक 

तिलक लगातार 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले भारत के दूसरे और विश्व के कुल पांचवें बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले फ्रांस के गुस्ताव मैकेन, दक्षिण अफ्रीका के रिले रोसौव, इंग्लैंड के फिल साल्ट और भारत के सैमसन ऐसा कर चुके हैं। तिलक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक से अधिक शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बने हैं। इस मामले में वह केवल रोहित शर्मा (5), सूर्यकुमार यादव (4), सैमसन (3) और केएल राहुल (2) से पीछे हैं।

अन्य रिकॉर्ड्स

तिलक ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स 

तिलक अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारी में 120+ रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बन गए हैं। इस मामले में वह केवल शुभमन गिल (126*), रुतुराज गायकवाड़ (123*), विराट कोहली (122*) और रोहित (121*) से पीछे हैं। इसके साथ-साथ तिलक पारी में 10 छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय भी बने हैं। वह इस सूची में रोहित और सैमसन के साथ शामिल हो गए हैं।

करियर 

ऐसा है तिलक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

तिलक ने 2023 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। अब तक उन्होंने 20 मैचों की 19 पारियों में 51.33 की औसत से 616 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक के अलावा 2 ही अर्धशतक लगाए हैं। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके करियर का दूसरा शतक है। वह प्रोटियाज टीम के खिलाफ 6 पारियों में 77.25 की औसत के साथ 309 रन बनाए हैं।